जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शराब नहीं देनें पर एक महिला को चार बदमाशों ने गोली मार दी। घटना के बाद चारों आरोपी फरार हो गए। बता दें, 15 दिन पहले ही इसी तरह की पहली घटना दोकड़ा चौकी में हुई थी। बदमाशों ने शराब नहीं देने पर दंपती को गोली मार कर मौत के घाट उतार दिया था। हालाकि, तब पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

जानकारी के मुताबिक, शहर की बांकीटोली निवासी भिनसो बाई (65) के पति की मौत हो चुकी है। उसके कोई बच्चे भी नहीं हैं। वह इन दिनों अपने मायके डभनीपानी हाकुकोना गई हुई थी। बताया जाता है कि शाम करीब 6.30 बजे जब 4 लोग पहुंचे। उन्होंने दरवाजा खटखटाया। भिनसो बाई ने दरवाजा खोला तो बदमाशों ने शराब की मांग की। भिनसो बाई ने मना किया तो एक युवक ने कट्टा निकाला और फायर कर दिया।

गोली मारने के बाद बदमाशों ने भिनसा को उसके कमरे में अंदर धकेल दिया। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन पहुंचे तो चारों बदमाश भागते हुए दिखाई दिए। गोली भिनसा बाई की कनपटी पर मारने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसे लेकर भिनसा बाई के भतीजे ने FIR दर्ज करवाई है। वहीं टोनही के शक में भी हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि अभी किसी तरह की पुष्टि नहीं हो सकी है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बदमाशों को पकड़ने के लिए चेकिंग की जा रही है। हत्या पहले से प्लांड बताई जा रही है। भिनसा बाई पर परिचय के कुछ लोग टोनही का संदेह करते थे। कुछ दिन पहले परिचय के युवक ने टोनही कहते हुए उससे झगड़ा भी किया गया था। बहरहाल पुलिस ने मामले में पुलिस ने चार अज्ञात आरोपी के विरूद्ध अपराध कायम किया है। जल्द ही पुलिस ने मामले में खुलासा किए जाने का दावा कर रही है।

करीब 16 दिन पहले इसी तरह बदमाशों ने दोकड़ा चौकी इलाके में दंपती की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पति के माथे पर और पत्नी की कनपटी पर गोली मारी गई थी। बदमाशों ने पहले शराब के लिए पूछा, फिर दोनों पर फायर कर दिया था। पुलिस ने इस मामले में 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। पता चला कि मामला जमीन विवाद का था। हत्या के लिए सुपारी दी गई थी। हालांकि गोली मारने वाले बदमाशों का अभी तक पता नहीं चल सका है।



