राज्य कर्मचारी संघ दुर्ग की नई जिला कार्यकारिणी घोषित, डॉ. शशिभूषण शर्मा बने जिलाध्यक्ष

दुर्ग: राज्य कर्मचारी संघ जिला दुर्ग इकाई की नई जिला एवं विकासखंड कार्यकारिणी का विधिवत गठन किया गया। प्रांतीय पदाधिकारियों की उपस्थिति में संघ के प्रांतीय महामंत्री बोधीराम निषाद ने नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के नामों की आधिकारिक घोषणा की।

कार्यक्रम की शुरुआत भारतमाता, भगवान विश्वकर्मा, माँ सरस्वती एवं भारतीय मजदूर संघ (BMS) के संस्थापक स्व. दत्तोपंत ठेंगड़ी के तैल चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद संघ के गीत ‘संगठन गढ़े चलो’ की प्रस्तुति दी गई।

जिला कार्यकारिणी के प्रमुख पद:

  • जिला अध्यक्ष: डॉ. शशिभूषण शर्मा
  • जिला सचिव: बिरेन्द्र कुमार यदु
  • जिला कोषाध्यक्ष: दिनेश वर्मा एवं जितेंद्र ध्रुव
  • जिला उपाध्यक्ष: किशोर तिवारी एवं नीलमचंद ताम्रकार
  • महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष: सुनीता ठाकुर

कर्मचारी और राष्ट्रहित सर्वोपरि:

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रांतीय महामंत्री बोधीराम निषाद ने संघ के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राज्य कर्मचारी संघ हमेशा कर्मचारी हितों के साथ-साथ राष्ट्रहित को प्राथमिकता देकर कार्य करता है।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के दुर्ग जिला सहकार्यवाहक दुष्यंत साहू, भारतीय मजदूर संघ की दुर्ग जिलाध्यक्ष मिथलेश विश्वकर्मा, बीएमएस जिला महामंत्री हरीशंकर चतुर्वेदी और शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रांतीय अध्यक्ष विरेन्द्र देवांगन उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने कर्मचारियों को निस्वार्थ भाव से संगठन की मजबूती और जनहित के लिए कार्य करने का संकल्प दिलाया।

विकासखंड कार्यकारिणी के चयन की प्रक्रिया शुरू:

कार्यक्रम के दौरान पाटन, दुर्ग और धमधा तीनों विकासखंडों की कार्यकारिणी के लिए भी नामों के प्रस्ताव रखे गए। इस अवसर पर बालोद के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र देशलहरा सहित दुर्ग, पाटन और धमधा ब्लॉक से बड़ी संख्या में कर्मचारी और पदाधिकारी उपस्थित थे, जिन्होंने नई कार्यकारिणी को बधाई व शुभकामनाएं दीं।

Exit mobile version