ऑपरेशन निश्चय : 2 करोड़ का 400 किलो गांजा जब्त, 5 तस्कर गिरफ्तार

गरियाबंद। गरियाबंद पुलिस ने ऑपरेशन निश्चय के तहत अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 400 किलो गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा आयशर वाहन, पायलटिंग के लिए इस्तेमाल बाइक और 6.50 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

खुटगांव चेक पोस्ट पर पकड़ा गया गांजे से भरा वाहन

देवभोग थाना पुलिस की टीम 24 अगस्त की रात NH-130C के खुटगांव अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रहे आयशर वाहन क्रमांक MH 06 BW 4144 को रोककर तलाशी ली गई।

वाहन की छत पर काले तिरपाल से ढके पैकेट मिले। पुलिस ने जब पैकेटों की जांच की तो उनमें करीब 400 किलो गांजा बरामद हुआ। वाहन में सवार महाराष्ट्र निवासी संतोष मोहिते और सुमित थोड़वे से पूछताछ की गई।

पूछताछ में दोनों ने बताया कि उनके आगे बाइक पर दो लोग पायलटिंग कर रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर बाइक क्रमांक OD 08 W 5814 पर सवार पंकज मोहिते और जलंधर खम्हारी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में ओडिशा के सप्लायर तक पहुंची पुलिस

मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने आरोपियों से गांजा सप्लाई के स्रोत के बारे में पूछताछ की। आरोपियों ने गांजा ओडिशा के कालाहांडी जिले के आमपानी थाना क्षेत्र के डेंगागुड़ा निवासी विनोद दिसारी से खरीदना बताया।

इसके बाद गरियाबंद पुलिस की टीम ने तत्काल ओडिशा पहुंचकर विनोद दिसारी को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, उसके कब्जे से गांजा बिक्री से मिले 5 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए।

ये सामान हुआ जब्त

400 किलो गांजा — अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपये

आयशर वाहन — अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये

ग्लैमर बाइक

3 मोबाइल फोन

कुल 6.50 लाख रुपये नकद

पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई से अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। एसपी ने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को बधाई दी है।

Exit mobile version