CG – सड़क हादसे में यात्री बस पलटी: एनएच पर भैंस से टकराकर पलटी यात्रियों से भरी बस… एक महिला सहित 4 लोग गंभीर रूप से घायल

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सड़क हादसा का मामला सामने आया है। कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाइवे में भैंस से टकराकर यात्रियों से भरी बस पलट गई। इस दौरान बस में चीख-पुकार मच गई और यात्री मदद के लिए चिल्लाते रहे। हादसे में कई यात्री घायल हो गए हैं। इसमें 4 यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मामला मोरगा थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार, पटना से कोरबा आ रही राजधानी बस भैंस से टकराकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में एक महिला सहित 4 यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। वहीं अन्य यात्रियों को भी मामूली चोट आई है। घटना के बाद संजीवनी एक्सप्रेस के कर्मचारियों ने घायल यात्रियों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया है। हादसे में दीपक ठक्कर, गिरी देवी, अरुण कुमार और धीरज सिंह को गंभीर चोट आई है। सभी का इलाज कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची मोरगा पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

Exit mobile version