विवाद सुलझाने गई पुलिस पर लोगों ने किया हमला

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से बड़ी खबर आ रही है। यहां पर दो गुटों में विवाद सुलझाने गई पुलिस पर लोगों ने हमला कर दिया है। पुलिस पर ही लाठी-डंडे के साथ ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। इस हमले में चार पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं।

दरअसल यह पूरा मामला बसदेई चौकी के खड़गवां गांव का है, जहाँ दो पक्षों का आपसी विवाद काफी समय से चल रहा था। विवाद की सूचना पर पुलिस जब घटना स्थल पर पहुँची तो विवाद कर रहे लोगों ने लाठी डण्डे लेकर पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया। हमले में चार पुलिसकर्मी घायल हो गए, वहीं बाकी पुलिसकर्मियों ने भाग कर किसी प्रकार अपनी जान बचाई। मारपीट की इस घटना में एक पुलिस कर्मियों की हालत अभी नाजुक बनी हुई है।
घायल पुलिसवाले मेडिकल कालेज में भर्ती

घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर में जारी है। पुलिस कार्रवाई करते हुए संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पूरे घटनाक्रम में कितने आरोपी सम्मिलित थे यह आगे जांच में ही पता चल पाएगा।

