Bhilai Times

PM मोदी ने 15 हजार लोगों के साथ किया योग: ताड़ासन से लेकर कई आसन करते दिखे पीएम, बोले-अब वैश्विक पर्व बन गया है योग दिवस, तस्वीरों में देखिए योगासन

PM मोदी ने 15 हजार लोगों के साथ किया योग: ताड़ासन से लेकर कई आसन करते दिखे पीएम, बोले-अब वैश्विक पर्व बन गया है योग दिवस, तस्वीरों में देखिए योगासन

नई दिल्ली। आज योग दिवस मनाया जा रहा है। भारत समेत दुनियाभर में आज 8वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा। PM मोदी कर्नाटक के मैसुरु पैलेस ग्राउंड में योग दिवस मनाने पहुंचे थे। उन्होंने करीब 15 हजार लोगों के साथ योग किया।

PM मोदी ने योग की शुरुआत ताड़ासन, त्रिकोणासन, भद्रासन जैसे आसनों से की। इस अवसर पर PM मोदी ने कहा कि योग अब वैश्विक पर्व बन गया है। यह पार्ट ऑफ लाइफ नहीं, वे ऑफ लाइफ बन गया है।

योग देश और विश्व में शांति ला सकता है- PM मोदी
इस मौके पर PM मोदी ने कहा- ‘आज योग मानव मात्र को निरोगी जीवन का विश्वास दे रहा है। हम आज सुबह से देख रहे हैं कि योग की तस्वीरें जो कुछ वर्ष पहले आध्यात्मिक केंद्रों पर दिखती थीं, वो आज विश्व के कोने-कोने में दिख रही हैं।

ये साझी मानवता की तस्वीरें हैं। यह एक वैश्विक पर्व बन गया है। यह किसी व्यक्ति मात्र के लिए नहीं संपूर्ण मानवता के लिए है। इसलिए इस बार की थीम है योगा फॉर ह्यूमैनिटी।’


उन्होंने कहा- ‘मैं योग को दुनिया में पहुंचाने के लिए यूनाइटेड नेशंस का धन्यवाद करता हूं। साथियों योग के लिए हमारे महर्षियों, ऋषियों और आचार्यों ने कहा है- योग हमारे लिए शांति लाता है।

यह हमारे देश और विश्व के लिए शांति लाता है। यह पूरा विश्व हमारे शरीर में है। यह हर चीज को सजीव बनाता है। योग हमें सजग, प्रतिस्पर्धी बनाता है। यह लोगों और देशों को जोड़ता है। यह हम सभी के लिए समस्या का समाधान बन सकता है।’

देश के अतीत को विविधता के साथ जोड़ता है योग
PM मोदी ने आगे कहा- ‘देश आजादी की 75वीं सालगिरह मना रहा है। ऐसे में देश के 75 ऐतिहासिक केंद्रों पर एक-साथ योग किया जा रहा है। यह भारत के अतीत को भारत की विविधिता को एक सूत्र में पिरोने जैसा है। दुनिया के अलग-अलग देशों में सूर्योदय के साथ लोग योग कर रहे हैं। जैसे-जैसे सूर्य आगे बढ़ रहा है उसकी प्रथम किरण के साथ लोग अलग-अलग देशों में लोग साथ जुड़ते जा रहे हैं। यही गार्डियन रिंग ऑफ योगा है।’

उन्होंने कहा- ‘साथियों दुनिया के लोगों के लिए योग सिर्फ ‘पार्ट ऑफ लाइफ’ नहीं है बल्कि अब ‘वे ऑफ लाइफ’ बन रहा है। हमने देखा है कि हमारे यहां घर के बड़े, हमारे योग साधक दिन के अलग-अलग समय में प्राणायाम करते हैं, फिर दोबारा काम शुरू करते हैं। हम कितने भी तनाव में हों कुछ मिनट का योग हमारी पॉजिटिविटी और प्रोडक्टिविटी को बढ़ा देता है। हमें योग को पाना भी है, पनपाना और जीना भी है।’

योग दिवस शुरू होते ही लद्दाख से लेकर छत्तीसगढ़ और असम के गुवाहाटी से लेकर सिक्किम तक ITBP के जवानों ने योग किया। जवानों ने सूर्य नमस्कार कर योग दिवस मनाया। इस मौके के लिए ITBP जवान ने एक गीत भी तैयार किया है।

दुनियाभर में मनाया जा रहा योग दिवस
योग दिवस की पूर्व संध्या पर अमेरिका के नियाग्रा फॉल्स के पास भी योग कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भारतीय और अमेरिकी नागरिकों ने हिस्सा लिया।

वहीं, पाकिस्तान के लाहौर में मुस्लिम महिलाओं ने बुर्का पहनकर योग किया। पड़ोसी देश नेपाल की राजधानी काठमांडू में योग दिवस की पूर्व संध्या पर धरहरा टॉवर को लाइट्स से रोशन किया गया।

अमेरिका के नियाग्रा फॉल्स के पास लोगों ने किया योग
इधर, अमेरिका के नियाग्रा फॉल्स के पास भी योग दिवस की पूर्व संध्या पर लोगों ने योग किया, इसमें 150 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। न्यूयॉर्क में भारत के काउंसलेट जनरल के समर्थन से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इससे पहले भारतीय दूतावास की तरफ से वॉशिंगटन में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से जुड़े एक स्पेशल प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अमेरिकी संगठनों का भी सहयोग रहा।

21 जून को योग दिवस मनाने की मुख्य वजह ये है कि इस दिन उत्तरी गोलार्द्ध का सबसे लंबा दिन होता है। इसे ग्रीष्म संक्रांति भी कहते हैं। इंडियन ट्रेडिशन के मुताबिक, ग्रीष्म संक्रांति के बाद सूर्य दक्षिणायन होता है।

साथ ही आज के दिन योग करने से लोगों की आयु भी लंबी होती है। इसी को देखते हुए हर साल 21 जून को योग दिवस मनाया जाता है।


Related Articles