दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में आज प्रधामंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे। उन्होंने दुर्ग स्टेडियम में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ को भाजपा ने बनाया और मैं गारंटी देता हूं छत्तीसगढ़ को भाजपा ही संवारेगी। उन्होंने कहा कि, कल ही प्रदेश भाजपा ने अपना संकल्प पत्र जारी किया है। छत्तीसगढ़ की महिला, युवा और किसानों को सबसे बड़ी प्राथमिकता दी गई है। भाजपा का ट्रैक रिकार्ड है, हम जो कहते हैं वो करके रहते हैं। उन्होंने यहां मुफ्त राशन योजना को अगले पांच साल तक चलाने की बात भी कही।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा गरीबों की चिंता मेरा जीवन धर्म है। देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन देने की योजना पांच साल और आगे बढ़ाई जाएगी। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने घोटालों और भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं किया। ED ने 5 करोड़ पकड़े तो CM बौखला गए, इन्होंने तो महादेव के नाम को भी नहीं छोड़ा। उन्होंने आगे कहा की छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार आपसे लूट करने कोई मौका नहीं छोड़ रही है। दो दिन पहले ही रायपुर में बहुत बड़ी कार्यवाही हुई है। रुपयों का बहुत बड़ा ढेर मिला है। लोग कह रहे हैं ये पैसा सट्टेबाजों का है, जो उन्होंने छत्तीसगढ़ के गरीबों और नौजवानों को लूट कर जमा किया है। लूट के इसी पैसे से कांग्रेस के नेता अपना घर भर रहे हैं। मीडिया में आ रहा है कि इस पैसे के तार छत्तीसगढ़ के उन तक जा रहे हैं।
पीएम मोदी ने आगे कहा की यहां कांग्रेस पार्टी ने, यहां की सरकार ने यहां के मुख्यमंत्री को छत्तीसगढ़ की जनता को बताना चाहिए कि दुबई में बैठे इस घोटाले के आरोपियों के साथ उनके क्या संबंध हैं। आखिर क्यों ये पैसा पकड़े जाने के बाद यहां के मुख्यमंत्री बौखला गए हैं। मैदान में उतर गए हैं। नेता दबी जुबान में हमें धमकी दे रहे हैं। ये धमकियां किसको दे रहे हो। ये किसको डरा रहे हो। ये जनता है सब कुछ जानती है। मोदी को तो ये कांग्रेसी दिन रात गाली देते हैं। हर दिन मैं दो ढाई किलो गाली खाता हूं। अब यहां के मुख्यमंत्री देश की जांच एजेंसी और सुरक्षा बलों को गाली देने लगे हैं।
ये मोदी है गालियों से डरता नहीं है। भ्रष्टाचारियों का हिसाब करने के लिए तो आपने मोदी को दिल्ली भेजा है। जिन्होंने छत्तीसगढ़ के गरीब के लूटा है उस पर कार्यवाही होकर रहेगी। उसे पाई-पाई का हिसाब लिया जाएगा। छत्तीसगढ़ की भ्रष्ट सरकार ने एक के बाद एक घोटाला करके आपका विश्वास तोड़ा है छत्तीसगढ़ महतारी का अपमान किया है। राज्य सरकार के घोटलों को गिनाया। राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद ऐसे घोटलों की सख्ती से जांच की जाएगी। आपका पैसा लूटने वालों को जेल भेजा जाएगा।
पीएम मोदी के सम्बोधन की मुख्य बातें
- कांग्रेस ने गरीबों को धोखा देने के अलावा कुछ नहीं दिया। कांग्रेस के झूठे वादों ने गरीब के बच्चों को और गरीब बना दिया।
- कांग्रेस का सारा खेल सिर्फ अपने परिवार और धन्ना सेठों के लिए है। गरीब उसके लिए सिर्फ वोट बैंक है। गरीबों का हक लूटकर खाती रही और इनके नेता पैसे तिजोरी में भरते रहे।
- मोदी को कांग्रेसी दिन-रात गालियां देते हैं। अब जांच एजेंसियों को भी गाली दे रहे हैं। मोदी गालियों से नहीं डरता।
- भ्रष्टाचारियों का हिसाब करने मुझे दिल्ली भेजा गया है। छत्तीसगढ़ के भ्रष्टाचारियों से पाई-पाई का हिसाब लेंगे। इन्होंने छत्तीसगढ़ महतारी का अपमान किया।
- हमारी नीतियों से हर गरीब मोदी का साथ बन गया। मोदी के लिए देश की सबसे बड़ी जाति एक ही जाति है और मोदी का ये बार बार कहना अगर देश में बड़ी जाति है वो जाति है गरीब। जो गरीब है मोदी उसका सेवक है। मोदी उसका भाई है बेटा है।
- हमारे कार्यकाल के पांच सालों में साढ़े 13 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए। गरीबी की लड़ाई में गरीबी खत्म करने गरीब एक जुट हुआ है। कांग्रेस हमेशा चाहती गरीब हाथ फैलाए, गरीब को गरीब ही रखना चाहती है।
- पीएम आवास योजना से करोड़ों लोगों को पक्के मकान मिल चुके हैं। लेकिन कांग्रेस सरकार पिछले पांच साल से ठान चुकी है कि यहां गरीबों का घर बनने नहीं देगी। सिर्फ 30 दिन बाकी है फिर आपको इस मुसीबत से मुक्ति मिल जाएगी।
- 3 दिसंबर के बाद भाजपा की सरकार बनेगी तो घोषणा पत्र के वादे पूरे कर दिए जाएगी ये मोदी की गारंटी है। मैं यहां आपके बीच से ही निकलकर पहुंचा हूं। गरीबों की चिंता मेरा जीवन धर्म है। देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन देने की योजना पांच साल और आगे बढ़ाए जाएगी।
- ओबीसी समाज कांग्रेस को माफ नहीं करेगी। अगले पांच सालों में हमारे पास छत्तीसगढ़ को मजबूत राज्य में लाने का रोड मैप है।
- दल्ली राजहरा की रेल लाइन जल्दी ही रावघाट तक पूरी की जाएगी। रायपुर-विशाखापट्नम, रायपुर-धनबाद कॉरिडोर से यहां के पर्यटन में और तेजी आएगी।कांग्रेस से यहां की कानून व्यवस्था संभल नहीं रही है। इस अंधेरगर्दी से बाहर निकालने का काम सिर्फ भाजपा कर सकती है। आखिर मलकित सिंह और ईश्वर साहू का क्या दोष था।