सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में जुए के अवैध कारोबार को संरक्षण देने के आरोप में पुलिस विभाग पर बड़ी कार्रवाई हुई है। प्रतापपुर थाना क्षेत्र में जुए के फड़ पर पुलिस की सांठगांठ का मामला सामने आने के बाद एसपी सूरजपुर ने थाना प्रभारी दिनेश पुरैना सहित पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित होने वालों में एक उप निरीक्षक और तीन आरक्षक भी शामिल हैं। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
सूने मकान में चल रहा था जुए का फड़
जानकारी के मुताबिक, प्रतापपुर क्षेत्र में लंबे समय से जुए के फड़ संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। आरोप था कि स्थानीय पुलिस की मिलीभगत से जुआरियों को संरक्षण दिया जा रहा है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसपी के निर्देश पर सूरजपुर पुलिस की विशेष टीम ने प्रतापपुर क्षेत्र में दबिश दी।
विशेष टीम ने एक सूने मकान में छापेमारी कर जुआ खेल रहे सात लोगों को पकड़ा। मौके से 99 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए।

पूछताछ में सामने आई पुलिसकर्मियों की भूमिका
पकड़े गए जुआरियों से पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आईं। इसके बाद मामले में स्थानीय पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई। जांच के बाद एसपी ने प्रतापपुर थाना प्रभारी दिनेश पुरैना, एक उप निरीक्षक और तीन आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
जुए के अवैध कारोबार पर कार्रवाई के साथ ही पुलिसकर्मियों के खिलाफ की गई इस विभागीय कार्रवाई को पुलिस महकमे में सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।