रायपुर एयरपोर्ट पर अचानक रोकी गई लैंडिंग : दिल्ली-इंदौर की फ्लाइट नागपुर डायवर्ट, विमान में सवार थे कई दिग्गज नेता

रायपुर। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर रनवे की मरम्मत के चलते मंगलवार शाम हवाई यातायात प्रभावित रहा। दिल्ली और इंदौर से रायपुर पहुंची इंडिगो की दो फ्लाइट को लैंडिंग की अनुमति नहीं मिलने के बाद नागपुर डायवर्ट करना पड़ा। दोनों विमान कुछ समय तक रायपुर एयरपोर्ट के ऊपर चक्कर लगाने के बाद नागपुर के लिए रवाना हुए। इनमें दिल्ली से लौट रहे छत्तीसगढ़ के कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और विधायक भी सवार थे।

जानकारी के मुताबिक, एयरपोर्ट प्रबंधन की टीम ने निरीक्षण के दौरान रनवे के एक हिस्से में ऐसी स्थिति देखी, जिसकी तत्काल मरम्मत जरूरी थी। विमान संचालन के दौरान किसी तरह का जोखिम न हो, इसे देखते हुए प्रबंधन ने बिना देरी किए सुधार कार्य शुरू करा दिया। इसी दौरान शाम के शेड्यूल में दिल्ली और इंदौर से इंडिगो की उड़ानें रायपुर पहुंचीं।

ATC ने दी नागपुर में उतरने की सलाह

रनवे पर काम जारी होने के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने दोनों विमानों को रायपुर में लैंड कराने के बजाय नागपुर एयरपोर्ट जाने की सलाह दी। इसके बाद विमानों को नागपुर में सुरक्षित उतारा गया। फ्लाइट डायवर्ट किए जाने की जानकारी यात्रियों को भी दी गई। अचानक रूट बदलने से यात्रियों को करीब दो घंटे अतिरिक्त इंतजार करना पड़ा। खासकर रायपुर में लैंडिंग नहीं होने और विमान के डायवर्ट होने से कुछ यात्रियों में चिंता की स्थिति बनी। विमान प्रबंधन ने यात्रियों को सुरक्षा कारणों से लिए गए फैसले की जानकारी देकर आश्वस्त किया।

रात 9 बजे के बाद रायपुर लौटीं दोनों फ्लाइट

रनवे की मरम्मत पूरी होने और संचालन को सुरक्षित पाए जाने के बाद विमानों को दोबारा रायपुर आने की अनुमति दी गई। इसके बाद दोनों फ्लाइट रात करीब 9 बजे और 9:15 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचीं। रायपुर में सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।

एयरपोर्ट प्रबंधन ने दी जानकारी

एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक, रनवे के प्रभावित हिस्से को नजरअंदाज करना विमान संचालन के लिए जोखिम पैदा कर सकता था। इसी कारण एहतियात के तौर पर तत्काल मरम्मत कराई गई और इस दौरान विमानों की लैंडिंग रोक दी गई।

फ्लाइट में सवार थे कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता

दिल्ली से रायपुर आ रही फ्लाइट में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और विधायक भी मौजूद थे। अचानक रायपुर के बजाय विमान के नागपुर पहुंचने से उन्हें भी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि पूरी प्रक्रिया के दौरान यात्रियों को सुरक्षित यात्रा का भरोसा दिलाया जाता रहा।

एयर इंडिया की दिल्ली-रायपुर फ्लाइट भी रद्द

इधर, मंगलवार को दिल्ली-रायपुर-दिल्ली के बीच संचालित होने वाली एयर इंडिया की एक उड़ान भी रद्द रही। तकनीकी कारणों से फ्लाइट AI 2653 का संचालन नहीं किया गया। निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक यह विमान दोपहर 12:10 बजे दिल्ली से उड़ान भरकर करीब 2 बजे रायपुर पहुंचता है।

Exit mobile version