रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के खिलाफ एक सोशल मीडिया वीडियो को लेकर भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है। वीडियो को आपत्तिजनक बताते हुए भाजपा नेताओं ने संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में भाजपा नेता और कार्यकर्ता सिविल लाइन थाने पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त से जुड़े वीडियो पर जताई आपत्ति
थाने में शिकायत के दौरान विधायक राजेश मूणत ने आरोप लगाया कि अमित जोगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से संबंधित एक वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर साझा किया है। मूणत ने वीडियो की प्रस्तुति और उसमें दिखाए गए दृश्यों पर आपत्ति जताते हुए इसे निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के बीच मतभेद और विचारों की लड़ाई हो सकती है, लेकिन विरोध दर्ज कराने की भी एक मर्यादा होनी चाहिए। उनके मुताबिक, किसी की छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए निजी जीवन से जुड़े दृश्यों का इस्तेमाल करना उचित नहीं है।
पटकथा लिखने और वीडियो बनाने वालों पर कार्रवाई की मांग
भाजपा नेताओं ने अपनी शिकायत में वीडियो की पटकथा तैयार करने, उसे बनाने और सोशल मीडिया पर प्रसारित करने में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। राजेश मूणत ने पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि शिकायत में जिन लोगों की भूमिका सामने आई है, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि तय समय में कार्रवाई नहीं होने पर भाजपा कार्यकर्ता फिर से सिविल लाइन थाने पहुंचेंगे।

