वोट चोरी के मुद्दे पर सीएम साय का राहुल गांधी पर निशाना : बोले- हार के बाद संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करती है कांग्रेस

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर। चुनावी प्रक्रिया और ‘वोट चोरी’ को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आरोपों के बीच छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार के बाद कांग्रेस लगातार संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाती रही है।

CM साय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में भ्रम और सनसनी का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है। उनके मुताबिक, चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था पर बिना आधार सवाल उठाने से लोकतांत्रिक व्यवस्था पर लोगों का भरोसा प्रभावित होता है।

चुनाव आयोग के समर्थन में उतरे CM
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय चुनाव आयोग की विश्वसनीयता केवल देश तक सीमित नहीं है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उसकी चुनावी प्रक्रिया की सराहना होती है। उन्होंने आयोग के भीतर मतभेद होने के दावों को भी खारिज किया और कहा कि चुनाव आयोग में किसी तरह का मतभेद नहीं है।

राहुल गांधी के EVM वाले बयान पर सवाल
सीएम श्री साय ने राहुल गांधी के पुराने EVM संबंधी आरोपों का जिक्र करते हुए उनसे सवाल किया कि जिन चुनावी प्रक्रियाओं पर वे सवाल उठाते रहे हैं, उन्हीं चुनावों के जरिए वे आज संसद में हैं। मुख्यमंत्री ने पूछा कि अगर राहुल गांधी को चुनावी व्यवस्था पर भरोसा नहीं है तो क्या वे अपने सांसद पद से इस्तीफा देंगे? उन्होंने राहुल गांधी के बयानों को लेकर उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग भी की।

कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप
CM साय ने कहा कि कांग्रेस लगातार चुनावी हार के बाद संस्थाओं को जिम्मेदार ठहराने का रास्ता अपनाती है। उन्होंने पार्टी पर झूठ और भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी राजनीति से देश की संवैधानिक व्यवस्था को नुकसान पहुंच सकता है। मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के रवैये पर भी तीखी टिप्पणी की और कहा कि उन्हें अपने आरोपों पर गंभीरता से जवाब देना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस से चुनाव आयोग और लोकतांत्रिक संस्थाओं को लेकर अपने रुख पर स्पष्टीकरण देने की मांग की।

Exit mobile version