रायपुर। राजधानी में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। विभाग के नियंत्रक दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में टीम ने शहर के अलग-अलग खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। अचानक हुई इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति रही।
अभियान के दौरान टीम ने समता कॉलोनी स्थित द ब्रेड बास्केट की फैक्ट्री में पहुंचकर वहां तैयार किए जा रहे खाद्य उत्पादों की जांच की। निरीक्षण के दौरान नमकीन, कुकीज और ब्रेड के सैंपल लिए गए, जिन्हें गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
इन प्रतिष्ठानों में भी पहुंची टीम
खाद्य विभाग की टीम ने इसके अलावा भानपुरी स्थित खत्री स्वीट्स, कमल विहार स्थित कृष्ण स्वीट्स और दावड़ा कॉलोनी स्थित अग्रवाल मिठाई वाला में भी जांच की। इन सभी जगहों पर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, निर्माण एवं भंडारण व्यवस्था, साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की पड़ताल की गई।
गंदगी मिलने पर 80 किलो ब्रेड और 8 बोरी मैदा जब्त
निरीक्षण के दौरान कुछ खाद्य सामग्री और परिसर में अस्वच्छता पाए जाने पर विभाग ने कार्रवाई की। टीम ने नष्टीकरण के लिए करीब 80 किलो ब्रेड और मैदे की 8 बोरियां जब्त की हैं।

