झीरम पीड़ित परिवारों से राहुल गांधी की मुलाकात : बोले- पूरा न्याय मिलने तक एक इंच पीछे नहीं हटेंगे

झीरम पीड़ित परिवारों से राहुल गांधी की मुलाकात

रायपुर। झीरम घाटी मामले को लेकर कांग्रेस ने आगे की कानूनी लड़ाई जारी रखने का संकेत दिया है। दिल्ली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ झीरम घटना के पीड़ित और प्रभावित परिवारों के सदस्यों से मुलाकात की। बैठक में मामले के हालिया न्यायिक फैसले और आगे की कार्रवाई को लेकर चर्चा हुई।

वरिष्ठ नेताओं के साथ पीड़ित परिवार भी रहे मौजूद
बैठक में छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत, राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज शामिल रहे। वहीं झीरम पीड़ित परिवारों की ओर से उमेश पटेल, अनिता योगेंद्र शर्मा, जितेंद्र मुदलियार, छविंद्र कर्मा, शिव सिंह ठाकुर और मलकीत सिंह गैंदू सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

राहुल गांधी ने संघर्ष जारी रखने की बात कही
मुलाकात के बाद भूपेश बघेल ने बताया कि बैठक में झीरम घटना, जांच से जुड़े मुद्दों और आगे की कानूनी प्रक्रिया पर विचार-विमर्श हुआ। बघेल के मुताबिक, राहुल गांधी ने पीड़ित परिवारों और घटना के दौरान मौजूद लोगों से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने बैठक में यह संदेश दिया कि जब तक पीड़ित परिवारों को पूरा न्याय नहीं मिलता, तब तक लड़ाई जारी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले में आगे भी कानूनी और राजनीतिक स्तर पर अपने प्रयास जारी रखेगी।

NIA कोर्ट के फैसले के बाद बढ़ी कानूनी हलचल
झीरम घाटी मामले में एनआईए की विशेष अदालत ने सितंबर 2026 में 10 दोषियों को मृत्युदंड सुनाया था। इस फैसले के बाद पीड़ित परिवारों और कांग्रेस नेताओं की ओर से आगे की कानूनी प्रक्रिया पर चर्चा की जा रही है।

Exit mobile version