रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव इस बार जमीन के साथ आसमान में भी रोमांच का नया रंग भरने जा रहा है। 2 नवंबर को नया रायपुर में आयोजित होने वाले राज्योत्सव में भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम और आकाशगंगा पैराशूट टीम अपने शानदार हवाई कौशल का प्रदर्शन करेंगी। आयोजन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भी छत्तीसगढ़ पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित बताया जा रहा है।
राज्योत्सव के दौरान दर्शकों को पहली बार हेलीकॉप्टरों के जरिए होने वाले ऐसे रोमांचक करतबों का करीब से दीदार करने का मौका मिल सकता है। इससे पहले नया रायपुर में भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम फाइटर जेट विमानों के साथ हैरतअंगेज प्रदर्शन कर चुकी है। इस बार आसमान में लड़ाकू विमानों के बजाय हेलीकॉप्टरों की सटीक फॉर्मेशन और कलाबाजियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
ध्रुव हेलीकॉप्टरों की फॉर्मेशन बनेगी खास आकर्षण
सारंग टीम स्वदेशी रूप से निर्मित एचएएल ध्रुव एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टरों के साथ हवाई करतब पेश करती है। टीम के हेलीकॉप्टरों को आकर्षक रंगों और मोर की छवि से सजाया जाता है। प्रदर्शन के दौरान पांच हेलीकॉप्टर बेहद कम दूरी और निर्धारित तालमेल के साथ आसमान में अलग-अलग फॉर्मेशन बनाते हुए उड़ान भरते हैं। सारंग के शो में क्रॉस ओवर ब्रेक, डॉल्फिन, डबल क्रॉस जैसे करतब खास आकर्षण होते हैं। इसके अलावा हेलीकॉप्टरों के जरिए आसमान में दिल की आकृति बनाना और बेहद कम गति में एक-दूसरे के करीब उड़ान भरना दर्शकों के लिए रोमांचकारी अनुभव होता है।
पैराशूट टीम भी दिखाएगी जांबाजों का हुनर
राज्योत्सव में आकाशगंगा पैराशूट टीम का प्रदर्शन भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेगा। टीम के जवान आसमान से छलांग लगाकर पैराशूट के जरिए नियंत्रित और सटीक लैंडिंग का प्रदर्शन करेंगे। ऊंचाई से छलांग, हवा में संतुलन और जमीन पर सटीक उतरने का यह पूरा प्रदर्शन भारतीय जवानों के साहस और प्रशिक्षण की झलक दिखाएगा।
सूर्यकिरण के बाद अब सारंग की बारी
नया रायपुर में इससे पहले सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम अपने हॉक एडवांस्ड जेट ट्रेनर विमानों के जरिए दर्शकों को रोमांचित कर चुकी है। सूर्यकिरण टीम तेज रफ्तार विमानों की फॉर्मेशन उड़ान, बैरल रोल, क्रॉसओवर और तिरंगे के रंगों वाले धुएं से आसमान को सजाने जैसे करतबों के लिए जानी जाती है।
