रायपुर। राजधानी में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम का इस्तेमाल कर नेताओं से रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। तेलीबांधा थाना पुलिस ने पूर्व महापौर एजाज ढेबर के भतीजे शोएब ढेबर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। आरोप है कि कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को फोन कर 25 करोड़ रुपये की मांग की गई थी।
पुलिस के मुताबिक धमकी देने के लिए नया मोबाइल फोन और सिम कार्ड इस्तेमाल किया गया था। मामले में एक्सटॉर्शन से जुड़ी धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पांच हजार रुपये लेकर किया था धमकी भरा कॉल
जांच के दौरान पुलिस ने जांजगीर-चांपा के एक युवक को भी पकड़ा था। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि उसने कथित तौर पर करीब 5 हजार रुपये लेकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी भरा कॉल किया था। पूछताछ के दौरान इस युवक से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने शोएब ढेबर को हिरासत में लिया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी और रंगदारी मांगने की पूरी साजिश में किन-किन लोगों की भूमिका है।
कुकरेजा को 25 करोड़ मांगने वाला कॉल
पुलिस जांच में सामने आया है कि कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को फोन कर 25 करोड़ रुपये की मांग की गई थी। कॉल के दौरान लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस मोबाइल फोन, सिम कार्ड, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि धमकी देने वाले आरोपियों का वास्तव में किसी गैंग से संबंध है या सिर्फ डर पैदा करने के लिए कुख्यात गैंग के नाम का इस्तेमाल किया गया।
एजाज ढेबर से भी मांगे गए थे 50 करोड़
इस मामले के बीच पूर्व महापौर एजाज ढेबर को मिली धमकी का मामला भी चर्चा में है। हाल ही में उन्हें विदेशी नंबर से फोन कर 50 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी दिए जाने की रिपोर्ट सामने आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई और अमन साव गैंग से जुड़ा बताया था। मामले में एजाज ढेबर की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।
एक अन्य युवक भी पुलिस हिरासत में
शोएब ढेबर के साथ पुलिस ने एक अन्य युवक को भी हिरासत में लिया है। उसे भाजपा नेता का भतीजा बताया जा रहा है। पुलिस दोनों से अलग-अलग पहलुओं पर पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कुकरेजा को किए गए धमकी भरे कॉल से इन लोगों का क्या कनेक्शन है।
