रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों की चोरी को अंजाम दिया। रावांभाठा के बंजारी नगर में रहने वाले इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी सीताराम गुप्ता के घर का ताला तोड़कर अज्ञात आरोपी सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। परिवार के साथ पैतृक गांव से लौटने पर कारोबारी को घर में चोरी का पता चला। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नवरात्रि मनाने गांव गया था परिवार
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, सीताराम गुप्ता 19 अक्टूबर की दोपहर अपने मकान में ताला लगाकर परिवार के साथ मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के खटखरी गांव गए थे। परिवार 2 नवंबर को दोपहर करीब 2 बजे वापस लौटा तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर पहुंचने पर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और आलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था। जांच करने पर आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी गायब मिले। इसके बाद कारोबारी ने खमतराई थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई।
सोना, चांदी और नकदी पर किया हाथ साफ
पीड़ित के मुताबिक, चोर करीब 7 से 8 तोला सोने के आभूषण, लगभग 2 किलो चांदी के जेवर और 5 से 8 लाख रुपये नकद ले गए हैं। चोरी गए सोने के सामान में मंगलसूत्र, हार, झुमकी, अंगूठी और अन्य आभूषण शामिल हैं। वहीं चांदी के जेवरों में करधन, पायल, छागल और बिछिया सहित अन्य सामान बताया गया है। कारोबारी ने बताया कि नकदी में 4 लाख रुपये उनके दिवंगत बेटे की डैम में डूबने से हुई मौत के बाद मिली सहायता राशि के थे। शेष रकम कारोबार से संबंधित बताई गई है।
पुलिस ने दर्ज किया केस, CCTV फुटेज की जांच
प्राथमिकी और पुलिस रिकॉर्ड में चोरी गई संपत्ति का शुरुआती मूल्यांकन 7.50 लाख रुपये से अधिक बताया गया है। हालांकि, पीड़ित द्वारा बताई गई नकदी और जेवरों की मात्रा के आधार पर कुल नुकसान का आकलन जांच के बाद स्पष्ट होगा।खमतराई पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस आसपास के CCTV कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल चोरी में शामिल आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला है।

