रायपुर। राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और कीमती सामान पार करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान रोहन ताम्रकार के रूप में हुई है, जो गुढ़ियारी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस ने उसके पास से करीब 10 लाख रुपये की चोरी की संपत्ति बरामद की है।
परिवार के गांव जाने पर की वारदात
मामला शिवानंद नगर स्थित अंजनी विहार कॉलोनी का है। पुलिस के मुताबिक, मकान मालिक शिव निर्मलकर 8 नवंबर 2026 को घर में ताला लगाकर परिवार के साथ अपने गृहग्राम गए थे। इसी दौरान चोर ने बंद मकान को निशाना बनाया। 12 नवंबर को लौटने पर उन्हें दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर अलमारी और लॉकर भी क्षतिग्रस्त थे।
जेवरात, नकदी और मोबाइल लेकर हुआ फरार
मकान की तलाशी लेने पर पता चला कि लॉकर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान गायब हैं। इसके बाद पीड़ित ने खमतराई थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV फुटेज से मिला आरोपी का सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) दीपमाला कश्यप ने जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की। पुराने चोरों और हाल ही में जेल से छूटे संदिग्धों की जानकारी भी जुटाई गई।
पूछताछ में कबूला चोरी करना
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गुढ़ियारी थाने का हिस्ट्रीशीटर रोहन ताम्रकार वारदात वाली रात घटनास्थल के आसपास संदिग्ध रूप से घूमता दिखाई दिया था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन साक्ष्यों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
10 लाख का सामान बरामद
आरोपी के कब्जे से पुलिस ने चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।
चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, आरोपी रोहन ताम्रकार पिता संतोष ताम्रकार (20 वर्ष), निवासी नहरपारा, शिवनगर, दीक्षा स्कूल के आगे पानी टंकी के पास, थाना गुढ़ियारी का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी पहले भी इन मामलों में जेल जा चुका है।

