रायपुर। राजधानी रायपुर के खरोरा थाना क्षेत्र के रायखेड़ा स्थित अदानी फैक्ट्री में सोमवार को विवाद के बाद जमकर बलवा हो गया। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में काम करने वाले बिहार और छत्तीसगढ़ के मजदूरों के बीच विवाद बढ़ने के बाद स्थिति हिंसक हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री के अंदर कथित तौर पर शराब बेचने को लेकर विवाद शुरू हुआ। ग्रामीणों ने गांव में शराब बेचने का विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते बलवा शुरू हो गया।

सरपंच की गाड़ी में तोड़फोड़, फैक्ट्री में भी नुकसान
विवाद के दौरान रायखेड़ा के सरपंच दिनेश वर्मा की गाड़ी में तोड़फोड़ किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा अदानी कंपनी के परिसर में भी तोड़फोड़ की गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस को मौके पर बुलाया गया।
पुलिस टीम पर भी हमला
बलवा की सूचना पर खरोरा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर भी हमला कर दिया। हमले में खरोरा थाना प्रभारी (TI) समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा गया है।
फिलहाल पुलिस ने मौके पर मोर्चा संभाल लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। विवाद की शुरुआत और बलवा में शामिल लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस जानकारी जुटा रही है। मामले में कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।