सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया। डभरा थाना क्षेत्र के छवारीपाली गांव के नजदीक यात्री बस और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, तीनों लोग एक ही बाइक पर सवार होकर दर्री से सपोस की ओर जा रहे थे। इसी दौरान छवारीपाली गांव के पास एक यात्री बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवारों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और तीनों की जान चली गई।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर डभरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त और दुर्घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।

