कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा से पति-पत्नी के विवाद का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शिक्षक दंपती के बीच पहले से चल रहा विवाद उस वक्त और बढ़ गया, जब पत्नी ने अपने पति को कार में एक युवती के साथ देख लिया। दोनों के बीच कहासुनी हुई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। विवाद के दौरान पत्नी ने पति के हाथ पर हमला कर उसकी उंगली काट ली। घटना के बाद दोनों पक्ष कटघोरा थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
कार में युवती को देख पत्नी ने जताई आपत्ति
जानकारी के मुताबिक, मामला कटघोरा विकासखंड के डुडगा स्थित स्कूल में पदस्थ शिक्षिका और चैतमा स्कूल में पदस्थ व्याख्याता पति से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि शिक्षिका ने अपने पति को एक युवती के साथ कार में देखा था। इसके बाद उसने पति से इस संबंध में आपत्ति जताई।
पति का कहना है कि कार में मौजूद युवती उसकी पूर्व छात्रा थी और वह पत्नी को इसी बात को समझाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और पत्नी ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की और हाथ की उंगली काट ली।

पत्नी ने लगाया मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप
वहीं, पत्नी ने अपने पति पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है। उसने यह भी आरोप लगाया कि पति ने उसे जान से मारने की धमकी दी। विवाद बढ़ने के बाद मामला थाने तक पहुंच गया। दोनों पक्षों ने कटघोरा थाने में लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने दोनों की शिकायतों के आधार पर एक-दूसरे के खिलाफ काउंटर केस दर्ज किया है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
कटघोरा थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि दोनों पति-पत्नी शिक्षक हैं। दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दोनों के बयान दर्ज कर घटना की परिस्थितियों और आरोपों की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच पहले से ही अनबन चल रही थी। कार में युवती को देखने के बाद विवाद और गहरा गया और देखते ही देखते मामला थाने तक पहुंच गया।