400 एकड़ जमीन के रिकॉर्ड में हेरफेर का आरोप : धान बोनस और बैंक लोन लेने का भी दावा, जांच के घेरे में तत्कालीन पटवारी

शिकायतकर्ता रमेश चंद्रा

सक्ती। जिले के जैजैपुर ब्लॉक के झालरौंदा गांव में करीब 400 एकड़ शासकीय और निजी जमीन के राजस्व रिकॉर्ड में कथित हेरफेर का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता रमेश चंद्रा ने तत्कालीन पटवारी विशेश्वर सिंह सिदार पर जमीन को अलग-अलग लोगों के नाम पर गलत तरीके से दर्ज कराने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि कथित तौर पर बदले गए जमीन के रिकॉर्ड के आधार पर धान बोनस और बैंक से ऋण भी लिया गया। शिकायत सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू करने की तैयारी कर ली है।

रमेश चंद्रा ने प्रेसवार्ता में बताया कि झालरौंदा गांव में लगभग 400 एकड़ जमीन के दस्तावेजों में कथित गड़बड़ी की गई है। इसमें शासकीय और निजी दोनों तरह की जमीन शामिल होने का आरोप है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, जमीन के रिकॉर्ड में बदलाव के जरिए पिछले वर्ष करोड़ों रुपये का धान बोनस हासिल किया गया और बैंक से लोन भी लिया गया। हालांकि, इन दावों की पुष्टि प्रशासनिक जांच के बाद ही हो सकेगी।

पहले 85 एकड़ जमीन में गड़बड़ी की शिकायत का दावा

शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने इस मामले को लेकर पहले भी तत्कालीन कलेक्टर के समक्ष शिकायत रखी थी, लेकिन उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि शुरुआती स्तर पर करीब 85 एकड़ जमीन में गड़बड़ी की बात सामने आई थी। समय पर जांच और कार्रवाई नहीं होने के कारण कथित फर्जीवाड़े का दायरा बढ़कर लगभग 400 एकड़ तक पहुंच गया। रमेश चंद्रा ने 20 तारीख को वर्तमान कलेक्टर को भी लिखित शिकायत सौंपकर जांच दल बनाने की मांग की थी। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जमीन के वास्तविक स्वामित्व और राजस्व रिकॉर्ड में हुए बदलावों की पड़ताल करने की मांग उठाई है।

कार्रवाई नहीं हुई तो आमरण अनशन की चेतावनी

शिकायतकर्ता ने प्रशासन से मांग की है कि मामले में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे आमरण अनशन शुरू करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जांच में यदि उनकी या उनके किसी रिश्तेदार की जमीन के रिकॉर्ड में भी गलत तरीके से नाम दर्ज होना पाया जाता है, तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

कलेक्टर ने बनाई जांच कमेटी

मामले में कलेक्टर जयश्री जैन ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जांच के लिए डिप्टी कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कमेटी गठित कर दी गई है। कमेटी अगले दिन झालरौंदा गांव पहुंचकर संबंधित जमीन और राजस्व दस्तावेजों का सत्यापन करेगी। इसके बाद अंतरिम रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी।

लापरवाही बरतने पर होगी कार्रवाई

कलेक्टर ने कहा कि जांच के दौरान किसी भी तरह की अनियमितता सामने आती है तो उस पर तत्काल रोक लगाने की कार्रवाई की जाएगी। यदि शासकीय जमीन को गलत तरीके से निजी व्यक्तियों के नाम दर्ज कराया जाना प्रमाणित होता है, तो संबंधित पटवारी समेत जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version