भिलाई। जामुल थाना क्षेत्र के घासीदास नगर में हमर क्लीनिक में कार्यरत एक स्टाफ नर्स ने अपने कमरे में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान अहिवारा निवासी नेहा महिलांग के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, नेहा पिछले करीब पांच वर्षों से हमर क्लीनिक में स्टाफ नर्स के पद पर कार्यरत थी। करीब एक साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। वह घासीदास नगर, जामुल में किराए के कमरे में रह रही थी। इसी कमरे में उसका शव मिला।

कमरे से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
घटना की जांच के दौरान पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले नेहा किन परिस्थितियों से गुजर रही थी।
पुलिस उसके मोबाइल फोन, बातचीत और अन्य परिस्थितियों की जांच कर सकती है। साथ ही हमर क्लीनिक में उसके साथ काम करने वाले कर्मचारियों और परिचितों से भी पूछताछ की जा सकती है।
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शव
जामुल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही नेहा की मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।