दुर्ग में बॉयफ्रेंड की संदिग्ध मौत : गर्लफ्रेंड के घर की छत पर मिली लाश, शराब पार्टी के दौरान हुआ था विवाद

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शराब पार्टी के बाद एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। अंजोरा चौकी क्षेत्र में सोमवार रात गर्लफ्रेंड के घर पहुंचे 28 वर्षीय सिद्धांत दान की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शराब पीने के दौरान सिद्धांत और उसकी गर्लफ्रेंड अंजलीना तंवर के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान अंजलीना ने सिद्धांत को थप्पड़ मार दिया। विवाद के बाद सिद्धांत घर की छत पर चला गया, जहां कुछ देर बाद वह बेसुध हालत में मिला।

शराब पार्टी के दौरान हुआ था विवाद
जानकारी के मुताबिक सिद्धांत दान सोमवार रात अपनी गर्लफ्रेंड अंजलीना तंवर के घर पहुंचा था। उस समय घर पर अंजलीना के अलावा उसकी रायगढ़ निवासी सहेली निमिषा, उसका बॉयफ्रेंड गौरव और बोरसी की ग्रेसी भी मौजूद थीं। सभी ने रात में साथ बैठकर शराब पी।

इसी दौरान सिद्धांत और अंजलीना के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि शराब के नशे में सिद्धांत ने अंजलीना को गाली दी, जिसके बाद अंजलीना ने उसे थप्पड़ मार दिया।

छत पर बेसुध मिला सिद्धांत
विवाद के बाद सिद्धांत गुस्से में घर की छत पर चला गया। कुछ देर बाद अंजलीना उसे देखने के लिए छत पर पहुंची तो सिद्धांत बेसुध हालत में पड़ा मिला। अंजलीना ने उसे होश में लाने की कोशिश की और CPR दिया, लेकिन सिद्धांत की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद घर में मौजूद अन्य लोगों की मदद से सिद्धांत को जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सुबह 5 बजे पुलिस को मिली सूचना
घटना की जानकारी मंगलवार सुबह करीब 5 बजे पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
फिलहाल सिद्धांत की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। शुरुआती जांच में गर्लफ्रेंड और बॉयफ्रेंड के बीच विवाद की बात सामने आई है, लेकिन मौत विवाद के बाद किस परिस्थिति में हुई, यह अभी जांच का विषय है।

पुलिस घटना के समय घर में मौजूद अंजलीना, निमिषा, गौरव और ग्रेसी से पूछताछ कर रही है। सभी के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस रात में हुई शराब पार्टी से लेकर सिद्धांत के छत पर जाने और उसके बेसुध मिलने तक के पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग-पुलिस की टीम पर हमला,...

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सरकारी वनभूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पर हमला किए जाने का...

नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री का मामला: डॉक्टर समेत 3...

रायपुर। राजधानी रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री के मामले में पुलिस ने एक डॉक्टर समेत तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार...

पेड़ से लटका मिला युवक का शव, जेब से...

कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जेंजरा बाईपास के पास एक युवक का शव बबूल के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका...

सैनिक स्कूलों में कक्षा 6वीं और 9वीं में प्रवेश...

रायपुर। भारतीय सशस्त्र बलों में अधिकारी बनने का सपना देखने वाले विद्यार्थियों के लिए सैनिक स्कूल एक बेहतर अवसर प्रदान करते हैं। यहां कक्षा...