रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) रायपुर में लगातार तीसरे पेपर लीक की पुष्टि हुई है। इस बार बीएससी कृषि प्रथम वर्ष के दूसरे सेमेस्टर का ‘फंडामेंटल्स ऑफ जेनेटिक्स’ का प्रश्नपत्र लीक हुआ। विश्वविद्यालय की पांच सदस्यीय जांच समिति को भारतीय कृषि महाविद्यालय से लौटे प्रश्नपत्र के लिफाफे में छेड़छाड़ मिली है। इसका तरीका पहले लीक हुए पेपरों जैसा ही है। इससे परीक्षा केंद्र के भीतर लिफाफा सावधानी से खोलकर प्रश्नपत्र निकालने के संकेत मिले हैं।
जेनेटिक्स की परीक्षा 19 अगस्त को होनी थी, लेकिन प्रश्नपत्र करीब 5 से 6 घंटे पहले ही सुबह 4 से 5 बजे के बीच उत्तरों सहित सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। जांच समिति की रिपोर्ट के बाद परीक्षा नियंत्रक ने तेलीबांधा थाना प्रभारी को पत्र लिखकर इस मामले को पहले से चल रही पेपर लीक की जांच में शामिल करने को कहा है।

पहले दो पेपर भी हुए थे लीक
कीट विज्ञान: परीक्षा से करीब दो घंटे पहले प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद परीक्षा निरस्त कर दी गई। पुलिस ने एक प्रोफेसर सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्लांट पैथोलॉजी: पुलिस जांच में सामने आया कि पहले गिरफ्तार आरोपियों ने ही पैसे लेकर यह प्रश्नपत्र भी लीक किया था। लीक होने के कारण निरस्त परीक्षाएं अब सितंबर के पहले सप्ताह में दोबारा आयोजित की जाएंगी।
आरोपियों से होगी पूछताछ : ACP
सिविल लाइन एसीपी रमाकांत साहू ने बताया कि विश्वविद्यालय से जेनेटिक्स का पेपर लीक होने की शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है। पहले गिरफ्तार प्रोफेसर और अन्य आरोपियों से पूछताछ के लिए कोर्ट से रिमांड मांगी जाएगी। पूछताछ में इस मामले से जुड़ी जानकारी नहीं मिलने पर अलग एफआईआर दर्ज की जाएगी।