रायपुर। छत्तीसगढ़ राइफल एसोसिएशन द्वारा 12 से 21 जुलाई 2026 तक आयोजित 25वीं राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में रायपुर स्थित टॉपगन शूटिंग अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से युवा और बाल खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। टॉपगन शूटिंग अकादमी के 50 से अधिक निशानेबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 45 से अधिक पदक अपने नाम किए और राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया।
10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में शिवम गुप्ता ने 391/400 अंक हासिल कर सीनियर वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। नमन साहू ने 381/400 अंक के साथ यूथ एवं जूनियर वर्ग में रजत पदक हासिल किया। आध्या सिंह ने 373/400 अंक प्राप्त कर जूनियर एवं सीनियर कैटेगरी में रजत पदक अपने नाम किया। नायरा मदनानी ने 371/400 अंक के साथ जूनियर एवं सीनियर कैटेगरी में चार रजत पदक हासिल किए।


इसी तरह लक्ष्य ने 372/400 अंक के साथ सब-यूथ एवं यूथ वर्ग में रजत पदक जीता। धैर्य अंबानी ने 360/400 अंक हासिल कर जूनियर एवं यूथ वर्ग में रजत और स्वर्ण पदक अपने नाम किए। अभिनव सिंह ने 358/400 अंक के साथ सीनियर कैटेगरी में कांस्य, जबकि इशान साहू ने 357/400 अंक के साथ जूनियर वर्ग में कांस्य पदक जीता।
वान्या त्रिपाठी ने 348/400 अंक के साथ यूथ एवं जूनियर कैटेगरी में रजत पदक हासिल किया। रवीश झा ने 304/400 अंक के साथ सब-यूथ श्रेणी में रजत पदक जीता। रागिनी शर्मा ने 369/400 अंक के साथ जूनियर वर्ग में रजत पदक हासिल किया। इसके अलावा लिपिका ठाकुर ने 365/400, प्रतिक्षा ठाकुर ने 359/400, आदित्य शर्मा ने 353/400, तुलजा भवानी ने 348/400 और आरवी दुबे ने 312/400 अंक प्राप्त कर प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया।
25 मीटर शूटिंग स्पर्धा में वैष्णव त्रिपाठी ने 258/400 अंक हासिल कर जूनियर वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। वहीं इशान साहू ने 237/400 अंक प्राप्त कर जूनियर वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में सभी विजेता खिलाड़ियों को राज्य के डीजी एवं अन्य वरिष्ठ अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। टॉपगन शूटिंग अकादमी के खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, प्रशिक्षकों और अकादमी को दिया। खिलाड़ियों ने भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य और देश का नाम रोशन करने का संकल्प लिया।

