दुर्ग में NSUI के 2 छात्र नेता गिरफ्तार, बाकी साथियों की तलाश जारी, कल्याण कॉलेज में प्राचार्य से किया था दुर्व्यवहार

दुर्ग। कल्याण कॉलेज सेक्टर-7 में 9 दिसंबर को एनएसयूआई द्वारा किए गए हंगामा के बाद पुलिस ने आरोपी छात्र नेताओं को पकड़ना शुरू कर दिया है। प्राचार्य से दुर्व्यवहार और गाली-गलौज करने के मामले में भिलाई नगर पुलिस ने हरदीप पात्र और दीपक पाल को गिरफ्तार किया है। वहीं भिलाई नगर विधायक प्रतिनिधि आकाश कनौजिया अंडर ग्राउंड हो चुका है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

कल्याण कॉलेज के प्राचार्य ने भिलाई नगर थाना में आवेदन दिया था कि प्राचार्य कक्ष में परीक्षा का फॉर्म परीक्षण और हस्ताक्षर का कार्य चल रहा था, तभी महाविद्यालय के पूर्व छात्र आकाश कनौजिया एवं उसके साथी दीपक पाल, आनंद यदु, नितेश गुप्ता, आशीष कालो, भौमित पटेल, अंशुल शर्मा एवं अन्य छात्रों ने नारेबाजी करते हुए महाविद्यालय के अंदर अनाधिकृत रूप से प्रवेश कर अश्लील गाली-गलौज किया। प्राचार्य ने एनएसयूआई के इन सातों के साथ अन्य के खिलाफ लिखित शिकायत की थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध पंजीबद्ध किया था।

9 दिसंबर को एनएसयूआई के प्रदेश सचिव और भिलाई नगर विधायक प्रतिनिधि आकाश कनौजिया अपने साथियों के साथ चतुर्थ वर्ग की दो महिला कर्मचारियों को दोबारा नौकरी पर रखने और उनसे सार्वजनिक माफी मांगने की मांग को लेकर प्राचार्य के पास पहुंचे थे। आकाश कनौजिया ने गार्ड को धक्का मारते हुए बलपूर्वक प्राचार्य कक्ष में प्रवेश करते हुए प्रिंसिपल डॉ. विनय शर्मा पर पर्चे फेंके और टेबल पर रखे नेम प्लेट पर स्याही पोती थी। इस दौरान आकाश लगातार प्राचार्य को जलील करता रहा और उन्हें जुते-चप्पलों की माला पहनाने की कोशिश भी की थी। इतना ही नहीं प्राचार्य को कुर्सी से उठने को लेकर लगातार दवाब बना रहा था।

भिलाई नगर सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना भिलाई नगर में धारा 191(2), 221, 296, 324(1), 61(2) बी.एन.एस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की तलाशी की जा रही है। प्रकरण में शामिल 2 आरोपी दीपक पाल और हरदीप पात्रे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। अन्य फरार आरोपियों की पतासाजी की जा रही है।

Exit mobile version