CG में भीषण सड़क हादसा: गेहूं से भरे अनियंत्रित ट्रक ने पिकअप को मारी टक्कर, कवर्धा के 6 युवकों की मौत, 7 गंभीर

बालोद / रायपुर: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पुरूर थाना क्षेत्र अंतर्गत जगदलपुर नेशनल हाइवे पर स्थित मरकाटोला घाट के पास दोपहर करीब 1 बजे हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कवर्धा की ‘श्री कृष्ण धुमाल पार्टी’ के 13 से अधिक युवक पिकअप वाहन में धुमाल बाजा और डीजे साउंड सिस्टम लादकर रायपुर में गणेश विसर्जन के बाद जगदलपुर की ओर जा रहे थे। मरकाटोला घाट के पास पिकअप खराब हो जाने के कारण वाहन सड़क किनारे खड़ा था और बारिश से बचने के लिए सभी युवक गाड़ी के अंदर ही बैठे हुए थे।

इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रहे गेहूं से भरे ट्रक ने खड़ी पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक सड़क पर ही पलट गया और पिकअप के परखच्चे उड़ गए। कुछ लड़के टक्कर लगने से दूर जा गिरे, जबकि कई लोग पलट चुके ट्रक के नीचे दब गए।

7 गंभीर घायल रायपुर रेफर

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों और शवों को बाहर निकाला गया। प्राथमिक इलाज के बाद 7 गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है। गुरुर एसडीओपी माया शर्मा ने हादसे में 6 मौतों की पुष्टि की है।

बारिश से फिसलन बनी हादसे की वजह!

शुरुआती जांच के अनुसार, क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क पर फिसलन थी, जिससे ट्रक के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। दुर्घटना के कारण मरकाटोला घाट मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

Exit mobile version