रायपुर। भूपेश सरकार के खिलाफ आरोप पत्र जारी करने के लिए पं. दीनदयाल आडिटोरियम में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सबसे पहले देशवासियों को सूर्य का अध्ययन के लिए इसरो द़वारा आज लांच किए गए मिशन आदित्य एल वन की सफल लांचिंग पर बधाई दी। इसके बाद केंद्रीय मंत्री शाह ने इसके बाद प्रदेश सरकार पर आरोपों की झड़ी लगा दी। कांग्रेस के खिलाफ भाजपा ने आरोप पत्र जारी किया है। इस आरोप पत्र को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज लांच किया।

रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नीतीन नबीन, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव सहित संगठन के सभी नेता मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान आरोप पत्र को लेकर एक वीडियो का भी प्रदर्शन किया गया। इसमें सरकार के कथित घोटलों का उल्लेख किया गया। इसमें शराबबंदी सहित कांग्रेस के 2018 के चुनावी वादों का भी उल्लेख है। इस आरोप पत्र को तैयार करने के लिए पार्टी ने समिति का गठन किया था। कुरुद सीट से विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर को इसका संयोजक बनाया गया था। वहीं, वरिष्ठनेता प्रेम प्रकाश पांडेय और महामंत्री ओपी चौधरी को सदस्य बनाया गया था।

शाह ने कहा कि, कांग्रेस घपले, घोटाले, वादा खिलाफी की सरकार है। उन्होंने कहा कि, भाजपा ने जन जागृति के लिए इस सरकार के खिलाफ आरोप पत्र लाया है। शाह ने कहा कि, अटल जी ने एमपी से छत्तीसगढ़ को अलग करके नया राज्य बनाया। डा. रमन सरकार में छत्तीसगढ़ में विकास की अविरल यात्रा चली। 2018 में भूपेश सरकार बनने के बाद छत्तीसगढ़ को लूटा गया। उन्होंने दावा किया कि इस बार पूर्ण बहुमत से बीजेपी की सरकार बनेगी।

मंत्री शाह ने एक बार फिर कहा कि, कांग्रेस की छत्तीसगढ़ सरकार उनके दिल्ली दरबार का एटीएम है। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को विकास के रास्ते से भटका दिया है। फिर से छत्तीसगढ़ को विकास के रास्ते पर लाना है। शाह ने कहा कि, डबल इंजन की सरकार बनाकर विकास की बयार लानी है। उन्होंने आगे कहा कि, छत्तीसगढ़ में अत्याचार की सीरीज कांग्रेस ने शुरू की है। भूपेश सरकार ने गरीबों का अनाज छीनने का काम किया, भूपेश सरकार ने कौशल उन्नयन शुरू रखा, मगर प्रदेश के युवाओं को दुबई भेजकर जुआ, सट्टा का कौशल देने का काम किया। रमन सरकार में छत्तीसगढ़ एजुकेशन हब, इस्पात हब, सीमेंट हब बना। इतना ही नहीं प्रदेश का समग्र विकास हुआ।

शाह ने प्रदेश सरकार के मुखिया से सवाल किया कि, 2004 से 14 तक 10 सालों तक जब upa सरकार थी, तब छत्तीसगढ़ को क्या मिला? ये आज कार्यक्रम में बताएं। इसके बाद उनहोंने कहा कि, नरेंद्र मोदी ने 9 साल में छत्तीसगढ़ को 3 लाख, दो हजार 429 करोड़ रुपये देने का काम किया। छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनने पर 50 लाख लाभार्थी को योजनाओं का लाभ मिलेगा। उनहोंने आरोप लगाया कि, कांग्रेस केंद्र की योजनाओं को रोकने का काम कर रही है। घर-घर पानी नहीं पहुंचाने पर माताएं दंड देने को तैयार हैं। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर दो सालों में सभी घरों में नल कनेक्शन मिलेगा। सरकार बनती है राज्य की भलाई, लोगों की सुरक्षा के लिए, गरीबों की सुविधा बढ़ाने के लिए काम किया जाएगा।
कांग्रेस ने सभी को लूट की खुली छूट दी

केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि, प्रदेश सरकार ने कलेक्टर को रैवन्यू कलेक्टर बना दिया।16 लाख पीएम आवास रोकने का काम किया। वोट बैंक के लिए कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में खुलेआम धर्मांतरण की छूट दी। हजारों करोड़ की शराब बेचकर खा गए। शाह ने कहा कि, डा. रमन की सरकार शराबबंदी करने की ओर दबढ़ रही थी। लेकिन उलटे कांग्रेस ने बंदी का वादा कर छत्तीसगढ़ में शराब की गंगा बहा दी।

आपको बता दे की आरोप पत्र में चावल घोटाला, शराब घोटाला और जुआ सट्टा समेत कई आरोप लगाए गए हैं। इसके पहले रमन सिंह ने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि राष्ट्रीय नेतृत्व गृहमंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ की धरती पर आए हैं। छत्तीसगढ़ की गांव, गलियों, सड़कों में मजदूर, किसान, माता बहने लाखो लोगों के मुंह से एक ही नारा गूंज रहा है। बदलबो- बदलबो ए दारी कांग्रेस सरकार ल बदलबो।

रमन सिंह ने कहा कि 2018 घोषणा पत्र के सारे वादे झूठे निकले. झूठे वादे कर सरकार सत्ता में आई। आज जनता उसका हिसाब मांगने तैयार खड़ी है। आज छत्तीसगढ़ में बदलाव लाने के लिए जनता के बीच संदेश जाएगा। रमन सिंह ने सरकार पर 500 करोड़ का चावल घोटाला करने का आऱोप लगाया। साथ ही 2000 करोड़ शराब घोटाला करने के भी आरोप लगाए।
