कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग से एक बार फिर अनोखी शादी का मामला सामने आया है, जहां एक दूल्हे ने दो दुल्हनों के साथ सात फेरे लेकर विवाह रचाया। यह मामला नारायणपुर जिले के नेलवाड़ गांव का बताया जा रहा है, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
वायरल तस्वीरों में दूल्हा दोनों दुल्हनों के साथ पारंपरिक रीति-रिवाज निभाते नजर आ रहा है। ग्रामीणों और परिजनों की मौजूदगी में यह विवाह संपन्न हुआ, जिसमें सभी रस्में एक साथ पूरी की गईं।


गौरतलब है कि इससे पहले भी छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के फरसगांव ब्लॉक के बैलगांव में 24 मार्च को इसी तरह की एक शादी चर्चा में आई थी। उस दौरान भी एक दूल्हे ने दो दुल्हनों के साथ विवाह किया था और शादी के दौरान के कई वीडियो सामने आए थे, जिनमें दूल्हा अपने दोस्तों और ग्रामीणों के साथ जमकर जश्न मनाता दिखाई दिया था।
स्थानीय जानकारों के मुताबिक, बस्तर के जनजातीय और ग्रामीण इलाकों में कई बार प्रेम प्रसंग या सामाजिक परिस्थितियों के चलते ऐसे निर्णय लिए जाते हैं। सामाजिक विवादों को सुलझाने के लिए पारंपरिक और रूढ़िगत नियमों का सहारा लिया जाता है, जिसके तहत इस प्रकार के विवाह भी स्वीकार किए जाते हैं। हालांकि, ऐसे मामलों को लेकर समाज में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिलती हैं। फिलहाल, यह अनोखी शादी इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

