CG
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक कलयुगी प्रेमी ने प्यार को बदनाम करते हुए अपनी ही नाबालिग प्रेमिका का अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद गांव के अन्य युवकों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इस मामले में तत्परता दिखाते हुए बालको पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रेमी सहित 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

प्यार के नाम पर धोखा, चुपके से बनाया वीडियो
जानकारी के अनुसार, पीड़िता की उम्र 17 वर्ष है और उसने 10वीं के बाद अपनी पढ़ाई छोड़ दी थी। क्षेत्र के ही 30 वर्षीय होरी लाल चौहान के साथ उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोप है कि होरी लाल ने नाबालिग के साथ संबंध बनाए और धोखे से उसका एक वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। आरोपी यहीं नहीं रुका, उसने यह वीडियो अपने दोस्तों को भी दिखा दिया, जिसके बाद यह बात धीरे-धीरे गांव के अन्य युवकों तक फैल गई।
वीडियो के नाम पर शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का गंदा खेल
वीडियो की बात सामने आने के बाद गांव के कई अन्य युवकों की नीयत भी डोल गई। आरोपी युवक नाबालिग को वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगे। कुछ युवकों ने उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला, तो कुछ राह चलते गलत इशारे कर प्रताड़ित करने लगे। लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से नाबालिग पूरी तरह टूट चुकी थी।

भाई को पता चली सच्चाई, तो पहुंचे थाना
जब इस पूरे घिनौने खेल की भनक पीड़िता के भाई को लगी, तो उसने बिना देर किए अपनी बहन का हौसला बढ़ाया। भाई पीड़ित नाबालिग को लेकर तुरंत बालको थाना पहुंचा और पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने घटना को बेहद गंभीरता से लिया।
बालको पुलिस की त्वरित कार्रवाई, ये 10 आरोपी गिरफ्तार
शिकायत मिलते ही बालको थाना पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आई और दबिश देकर मामले में संलिप्त सभी 10 आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की सूची इस प्रकार है:
होरी लाल चौहान (उम्र 30 वर्ष) – मुख्य आरोपी (प्रेमी)
कन्हैया सिंह (उम्र 25 वर्ष)
उदय चौहान (उम्र 22 वर्ष)
मनीष चौहान (उम्र 22 वर्ष)
बुग्गु चौहान (उम्र 21 वर्ष)
राकेश सिंह (उम्र 40 वर्ष)
दशरथ पटेल (उम्र 32 वर्ष)
चित्रभान पटेल (उम्र 30 वर्ष)
शत्रुहन चौहान (उम्र 25 वर्ष)
योगेश चौहान (उम्र 22 वर्ष)

इलाके में आक्रोश, कड़ी सजा की मांग
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट (POCSO) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस घटना के बाद से पूरे बालको क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।
पुलिस का बयान:
“मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की गई है। नाबालिगों के खिलाफ अपराध करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। मामले की हर एंगल से विस्तृत जांच की जा रही है।”

