भिलाई। कभी-कभी लोग विरोध में गलत कदम उठा लेते हैं। कुछ लोग स्टंट करते हैं तो कुछ लोग हिंसा जैसे कदम उठाने लग जाते हैं। ताजा मामला राजनांदगांव का है। राजनांदगांव शहर के लखोली वार्ड में बने PM आवास में एक महिला ने खुदकुशी करने का प्रयास किया है। दरअसल, महिला ने पीएम आवास में एक मकान कब्जा कर लिया था। जिसे हटाने को लेकर लगातार नोटिस दिया गया। लेकिन महिला ने कब्जा नहीं छोड़ा और आज कार्रवाई का विरोध करने के लिए आत्मघाती कदम उठा लिया।
महिला का नाम है यास्मिन खान। महिला ने खुद के ऊपर पेट्रोल उड़ेल दिया। जिससे वह 60% तक झुलस गई है। उसे सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उपचार जारी है। घायल महिला को सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराने के लिए खुद राजनांदगांव निगम कमिश्नर डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी पहुंचे। वे अस्पताल में एडमिट कराने के बाद उपचार शुरू होने तक खड़े रहे और डॉक्टरों से चर्चा कर बेहतर स्वास्थ्य के लिए बातें की। डॉक्टरों ने बताया है कि महिला खतरे से बाहर है। उपचार भी शुरू हो गया है। आपको बता दें कि बर्न केस के लिए छत्तीसगढ़ में सेक्टर-9 अस्पताल को बेस्ट माना जाता है। इसलिए महिला को सेक्टर-9 अस्पताल में लाया गया है। जहां उपचार चल रहा है।
SP प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि पहले भी अटल आवास में कब्जा करके रह रहे लोगों को नगर निगम द्वारा नोटिस दिया जा चुका है। नगर निगम ने उन्हें खुद ही घर खाली कर देने को कहा था, इसके बावजूद अवैध कब्जाधारकों ने मकान खाली नहीं किया। इसके बाद नगर निगम की टीम यहां कब्जा हटाने पहुंची थी। उन्होंने कहा कि जिस महिला ने आत्मदाह की कोशिश की है, उसकी हालत गंभीर है। उसका इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। बताया जा रहा है कि महिला तलाकशुदा है और कपड़े बेचने का काम करती है।

जानकारी के मुताबिक, लखोली में आत्मदाह में झुलसी महिला यासमीन खान को उपचार के लिए भिलाई सेक्टर 9 हॉस्पिटल में एडमिट कराने नगर निगम आयुक्त डॉ आशुतोष चतुर्वेदी पहुंचे । हॉस्पिटल में एडमिट कराने के अलावा उन्होंने हॉस्पिटल के डायरेक्टर इंचार्ज डॉ रविंद्रननाथ एवं उनकी टीम से चर्चा कर यास्मीन खान को समुचित उपचार के संबंध में चर्चा की एवं नगर निगम राजनांदगांव से दो अभियंता को हॉस्पिटल में संलग्न कर उपचार की संपूर्ण व्यवस्था करने के निर्देश दिए । उनके साथ राजनांदगांव एसडीएम अरुण वर्मा एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे ।

महिला पहले भी कर चुकी है कब्जा, पढ़िए जांच प्रतिवेदन में क्या-कुछ है…
नगर पालिक निगम, राजनांदगांव द्वारा समय-समय पर अवैध कब्जाधारियों के विरूद्ध कार्यवाही की जाती है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के घटक ‘‘ मोर मकान मोर चिन्हारी‘‘ के अंतर्गत लखोली मे निर्मित 304 यूनिट आवासों का लॉटरी के माध्यम से आबंटन किया गया था। उक्त आबंटन उपरांत पात्र हितग्राहियों द्वारा आबंटित आवास में आधिपत्य हेतु भेजा गया परन्तु आबंटित आवासों को अवैध रूप से कब्जा कर उपयोग किया जा रहा था। पात्र हितग्राहियों द्वारा बार-बार आबंटित आवास के आधिपत्य हेतु मांग करने पर अवैध रूप से निवासरत कब्जाधारियों को आवास खाली करने हेतु दिनांक 05/01/2021, 15/11/2021, एवं वर्तमान में 22/12/2022 को नोटिस जारी कर रिक्त किये जाने हेतु सूचित किया गया। परन्तु अवैध कब्जा खाली नही किये जाने कि स्थिति में 26/12/2022 को कार्यवाही किया जाना प्रस्तावित किया गया। इस कार्यवाही अंतर्गत आबंटित आवासों में निवासरत कब्जाधारियों के आवासों को खाली करने हेतु सूचित किया गया एवं ताला बंद पाये जाने कि स्थिति में उसी ताले को सील बंद किया गया। जो आवास वर्तमान में आबंटित नही किये गये है एवं कब्जाधारियों द्वारा निवास किया जा रहा है। उन्हे नियमानुसार आवास आबंटन प्रक्रिया में शामिल होने हेतु 15 दिवस का समय अवधि प्रदान करते हुए शपथ पत्र लिया गया है।

आज दिनांक 29/12/2022 में घटित घटना के दौरान नगर पालिक निगम दल, राजस्व अमला, नजूल का अमला, एवं पुलिस बल के उपस्थिति में अवैध कब्जाधारियों द्वारा मकानो में लगाये गये तालो को सील बंद किया जा रहा था। एवं संबंधित अमला घटना क्रम के समय घटना तल पर नही था। वर्तमान के घटित घटना से प्रभावित अवैध कब्जाधारी यासमीन मेमन द्वारा लखोली में दो आवास क्रमांक 18 एवं 19 (प्रथम तल) पर कब्जा किया गया था जिसमें 18 को नियमानुसार हितग्राही भारती यादव पति गनपत यादव को आबंटित किया जा चुका है। इनके द्वारा पेण्ड्री अटल आवास में भी कब्जा किया गया है।