खैरागढ़ उपचुनाव: प्रभारी मंत्री रविंद्र चौबे और विधायक देवेंद्र यादव ने ली संगठन, भिलाई मेयर व कांग्रेसी पार्षदों की बैठक…बूथवार मांगी रिपोर्ट, हर घर तक पहुंचने दिया टास्क

भिलाई। खैरागढ़ उप चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, चुनावी बिसात उतनी तेजी से बिछाई जा रही है। चुनाव जीतने के लिए कांग्रेस ने हर मोर्चे पर तैयारी कर ली है। अपने नेताओं को ग्राउंड में उतार दिया है। भिलाई विधायक देवेंद्र यादव लगातार बैठकों के साथ-साथ उन चीजों पर ध्यान दे रहे हैं, जिससे कांग्रेस की मुश्किल राह आसान हो सके। भिलाई के कांग्रेसी नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।

इनमें संगठन के जिलाध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, मेयर नीरज पाल और कांग्रेस नेता धर्मेंद्र यादव ग्राउंड में तैनात कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से समन्वय बनाकर काम कर रहे हैं। प्रभारी मंत्री रविंद्र चौबे और भिलाई विधायक देवेंद्र यादव ने भिलाई मेयर नीरज पाल, मुकेश चंद्राकर व धर्मेंद्र यादव के साथ बैठक की है। इस बैठक में वे सभी कांग्रेसी पार्षद मौजूद थे जो चुनाव में प्रचार करने खैरागढ़ गए हैं।

मेयर नीरज पाल, मुकेश चंद्राकर व धर्मेंद्र यादव ने सबकी वार्डवार और बूथवार रिपोर्ट दी। किस वार्ड में क्या स्थिति है…? वहां प्रचार के लिए और क्या-कुछ बेहतर कर सकते हैं। इसके बारे में मेयर नीरज, मुकेश और धर्मेंद्र यादव ने प्रेजेंटेशन दिया। तीनों की वर्किंग से मंत्री चौबे व देवेंद्र संतुष्ट हुए। उन्होंने काम की सराहना करते हुए पीठ भी थपथपाई है।

खैरागढ़ में भिलाई के कांग्रेसी बहा रहे पसीना
खैरागढ़ निकाय क्षेत्र के 20 वार्डों की जिम्मेदारी मिली है। सभी नेता व पार्षद खैरागढ़ पहुंच चुके हैं और अपना काम शुरू कर दिए हैं। भिलाई विधायक देवेंद्र यादव पहले ही खैरागढ़ में डेरा डालकर कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा की जीत के लिए पसीना बहा रहे हैं। कांग्रेस नेता और खैरागढ़ निकाय के प्रभारी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि, खैरागढ़ उपचुनाव के लिए सभी कांग्रेसियों ने कमर कस ली है।

मैदान में उतरकर मोर्चा संभाल लिया है। खैरागढ़ पालिका क्षेत्र के 20 वार्डों में चुनाव प्रचार किया जा रहा है। भिलाई के एक-एक कांग्रेसी पार्षदों की ड्यूटी लगी है। एक-एक वार्ड में दो-दो पार्षदों को उतारा गया है। एक-एक वार्ड में एनएसयूआई के 3 और युवा कांग्रेस के 2-2 पदाधिकारी-कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है। सभी डोर-टू-डोर प्रचार के साथ-साथ सभा, रैली व संगठन के नेताओं के साथ समन्वय बनाकर काम कर रहे हैं।

खैरागढ़ को जिला बनाने से सब खुश, 17 को बनना तय: देवेंद्र
भिलाई विधायक देवेंद्र यादव ने कहा, खैरागढ़ को जिला बनाया जा रहा है। इससे सभी खुश है। लोग बताते हैं कि 16 को रिजल्ट के बाद 17 को जिला बनाया जाएगा। कांग्रेस विधायक जीतकर आएगी और खैरागढ़ को जिले की सौगात मिलेगी। खैरागढ़ चुनाव जीतने के लिए कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता संकल्पित है।

इसके लिए जी-तोड़ मेहनत कर रहे हैं। पारा 40 डिग्री से ऊपर है लेकिन हमारे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के हौंसले सातवें आसमान पर है। सभी कार्यकर्ता व पदाधिकारी भरी गर्मी में कांग्रेस की प्रत्याशी यशोदा वर्मा को जीत दिलाने के लिए पसीना बहा रहे हैं। लोगों का जबरदस्त रिस्पांस मिल रहा है।

बैठक में ये नेता रहे मौजूद
बैठक में मेयर नीरज पाल, सभापति गिरवर बंटी साहू, एमआईसी मेंबर संदीप निरंकारी, जोन अध्यक्ष रामानंद मौर्या, एमआईसी मेंबर लक्ष्मीपति राजू, केशव चौबे,उप सभापति इंजीनियर सलमान, जोन अध्यक्ष जलांधर सिंह, रविशंकर सिंह, साकेत चंद्राकर, अभिषेक मिश्रा, शुभम झा, नितिश यादव, कोमल दास टंडन, चंद्रशेखर गंवई, उमेश साहू समेत संगठन के नेता मौजूद रहे।