अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में रविवार रात करीब साढ़े 9 बजे घर लौट रहे स्कूटी सवार व्यवसायी पर सत्तीपारा में बदमाशों ने हमला कर दिया और रुपयों से भरा बैग लेकर भाग निकले। व्यवसायी को घायल अवस्था में निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। व्यवसायी के अनुसार बैग में करीब 20 लाख रुपए थे। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक पीड़ित व्यापारी अनिल अग्रवाल मोबाइल कंपनी के डीलर है। वे दिनभर का कलेक्शन लेकर स्कूटी से घर लौट रहे थे। हमले में सिर पर डंडे पड़ते ही वे बेहोश होकर नीचे गिर पड़े। इस दौरान हमलावर उनका पैसों से भरा बैग लेकर भाग गए। पुलिस के मुताबिक, घटना में दुकान का पूर्व कर्मचारी शामिल है। पुलिस आरोपियों। की तलाश में जुटी है।

