रायपुर। फाफाडीह स्थित रेलवे इंजीनियरिंग कॉलोनी के पीछे नाले के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने 12 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक का दोस्त ही उसका कातिल निकला। इस कार्रवाई को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गंज थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार 5 मार्च की सुबह करीब 10 बजे पुलिस को सूचना मिली कि खारुन विहार स्थित रेलवे इंजीनियरिंग कॉलोनी, फाफाडीह के पीछे नाले के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही मध्य जोन डीसीपी, एडिशनल डीसीपी, कोतवाली एसीपी, थाना गंज पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए पंचनामा व साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की।

जांच के दौरान मृतक की पहचान राजा साहू (25 वर्ष) निवासी चुनाभट्ठी, थाना गंज क्षेत्र के रूप में हुई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि राजा सुबह करीब 8 बजे किसी परिचित युवक के साथ घर से बाहर जाने की बात कहकर निकला था।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मृतक के घर के आसपास और घटनास्थल के पास होटल लाइन के पीछे लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में चुनाभट्ठी निवासी बिट्टू यादव (19 वर्ष) राजा साहू के साथ जाता और घटनास्थल के पास मौजूद दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी बिट्टू यादव ने बताया कि वह और राजा साहू अक्सर साथ घूमते थे। कुछ दिन पहले बिट्टू की गाड़ी में हुई टूट-फूट का पैसा वह राजा से मांग रहा था। बार-बार पैसे मांगने के बावजूद पैसा नहीं मिलने से वह नाराज था। इसी बात को लेकर सुबह दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आकर उसने राजा पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
डीसीपी सेंट्रल जोन के मार्गदर्शन में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अलग-अलग टीम बनाकर आरोपी की तलाश की और महज 12 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए उसे पकड़ने में सफलता हासिल की। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

