जशपुर। जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के कलिया गांव में एक दर्दनाक हादसे में भाई-बहन की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे अपनी मां के साथ गांव के तालाब में नहाने गए थे। इसी दौरान 8 वर्षीय भाई गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। भाई को डूबता देख 11 वर्षीय बहन उसे बचाने के लिए गहरे पानी में कूद गई, लेकिन दोनों ही पानी की गहराई में फंस गए और डूब गए।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने बच्चों को तालाब से बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
