रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम उरबा में खाना खाने के दौरान हुए विवाद के बाद गांव के कोटवार ने अपने दो बेटों के साथ मिलकर एक ग्रामीण की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम उरबा निवासी दामोदर राठिया (35 वर्ष) ने शनिवार रात गांव के कोटवार हरिराम चौहान (50 वर्ष) को अपने घर भोजन के लिए बुलाया था। बताया जा रहा है कि खाना खाने के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।

विवाद बढ़ने पर हरिराम चौहान ने अपने दोनों बेटों आकाश चौहान (22 वर्ष) और एक नाबालिग को फोन कर मौके पर बुला लिया। आरोप है कि तीनों ने मिलकर दामोदर राठिया पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
7 से 8 बार चाकू से किए वार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने दामोदर राठिया पर 7 से 8 बार चाकू से वार किए। गंभीर रूप से घायल दामोदर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया।
गांव में फैली दहशत
हत्या की इस वारदात के बाद ग्राम उरबा में भय और तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही तमनार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने हत्या में शामिल हरिराम चौहान, उसके पुत्र आकाश चौहान और एक नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

