विधवा महिला से बैंक प्रबंधक ने मांगी रिश्वत, पीड़िता ने कलेक्टर से की कार्रवाई की मांग

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के ग्राम निपानिया स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की निपानिया शाखा में रिश्वतखोरी का गंभीर मामला सामने आया है। एक विधवा महिला ने बैंक की शाखा प्रबंधक पर अपने दिवंगत पति के खाते में जमा राशि दिलाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।

पीड़िता ने कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में बताया है कि उसके पति का करीब एक वर्ष पूर्व निधन हो गया था। वह उनके बैंक खाते की नामिनी है और पति के खाते में जमा लगभग 1 लाख 10 हजार रुपये की राशि निकालने के लिए बैंक पहुंची थी। आरोप है कि इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए शाखा प्रबंधक द्वारा पहले 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई।

महिला का कहना है कि उसने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई। इसके बाद कथित तौर पर 5 हजार रुपये में काम करने की बात तय हुई। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसने पहली किस्त के रूप में 5 हजार रुपये बैंक की एक महिला कर्मचारी को दिए। इस दौरान बनाए गए वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने से मामला चर्चा का विषय बन गया है।

निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

महिला ने अपने आवेदन में कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित शाखा प्रबंधक को तत्काल निलंबित करने तथा दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। पीड़िता का कहना है कि अपने ही अधिकार की राशि प्राप्त करने के लिए उसे रिश्वत देने के लिए मजबूर होना पड़ा, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

क्षेत्र में आक्रोश

घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि एक गरीब विधवा महिला को अपने पति की जमा पूंजी प्राप्त करने के लिए रिश्वत देनी पड़ रही है, तो आम नागरिकों को सरकारी और बैंकिंग व्यवस्था से न्याय मिलने की उम्मीद कैसे की जा सकती है।

फिलहाल मामले को लेकर प्रशासन की ओर से आधिकारिक जांच की जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है और लोग दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

हनुमान अंश छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री, सीएम साय ने...

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को राजधानी रायपुर स्थित जोरा मॉल के सिनेमाघर में सपरिवार फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। इस अवसर पर...

ओवर रेट शराब बेचने और बड़ी मात्रा में खाली...

रायपुर। प्रदेश में शराब की निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बिक्री और अवैध शराब निर्माण के खिलाफ आबकारी विभाग ने सख्त कार्रवाई की...

महाराष्ट्र में भीषण सड़क हादसा : ट्रक-बोलेरो में भिड़ंत,...

रायपुर। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन बच्चों समेत आठ लोगों की मौत हो गई। सभी छत्तीसगढ़...

छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू का बढ़ता संक्रमण, एक दिन...

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू (H1N1) का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। 8 सितंबर को प्रदेश में एक ही दिन में 46 नए...