रायपुर। राजधानी रायपुर में चर्चित हाईप्रोफाइल नव्या मलिक ड्रग्स मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। यह टीम मामले की हर पहलू से गहन जांच करेगी और ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल करेगी।
जानकारी के अनुसार, एसआईटी में एक एसीपी, क्राइम ब्रांच प्रभारी, गंज थाना प्रभारी समेत कुल पांच वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया है। यह टीम 23 अगस्त 2025 को सामने आए चर्चित ड्रग्स मामले की दो चरणों में जांच करेगी।

पहले चरण में एसआईटी एमडीएमए (MDMA) ड्रग्स की सप्लाई चेन, ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क, मनी ट्रेल, हाईप्रोफाइल पार्टियों में ड्रग्स के इस्तेमाल और नव्या मलिक की भूमिका जैसे पांच प्रमुख बिंदुओं पर फोकस करेगी।
वहीं दूसरे चरण में जांच का दायरा और बढ़ाया जाएगा। इसमें अंतर्राज्यीय कनेक्शन, संरक्षण एवं मिलीभगत, डिजिटल फोरेंसिक जांच और ड्रग्स का सेवन करने वाले लोगों की पहचान जैसे अहम पहलुओं की पड़ताल की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि एसआईटी जांच से ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।

