रायपुर। राजधानी रायपुर के होटल हयात में लाखों रुपये की ठगी और होटल का लैपटॉप लेकर फरार होने वाले देश के सबसे शातिर होटल ठगों में शामिल आरोपी को रायपुर पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर ओडिशा के भुवनेश्वर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान बिंगसन जॉन (69 वर्ष) निवासी तूतीकोरिन, तमिलनाडु के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ देश के 10 से अधिक राज्यों में 300 से ज्यादा होटल ठगी और चोरी के मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी केवल महंगे और फाइव स्टार होटलों को निशाना बनाता था। वह खुद को विदेशी पर्यटकों का गाइड, इंग्लिश टीचर और योगा टीचर बताकर होटल में ठहरता, कई दिनों तक होटल की सुविधाओं का इस्तेमाल करता और फिर बिना बिल चुकाए होटल का सामान लेकर फरार हो जाता था।

होटल हयात में ऐसे दिया वारदात को अंजाम
थाना तेलीबांधा क्षेत्र स्थित होटल हयात के सिक्योरिटी इंचार्ज सूरज सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी बिंगसन जॉन 25 जून 2026 को होटल में रुका था। 27 जून की सुबह बिना चेक-आउट किए होटल से निकल गया। आरोपी ने होटल का 63,755 रुपये का बिल नहीं चुकाया और होटल द्वारा उपलब्ध कराया गया करीब 1.48 लाख रुपये कीमत का लैपटॉप भी साथ ले गया। कुल मिलाकर आरोपी ने करीब 2.11 लाख रुपये की धोखाधड़ी की।
तकनीकी जांच से भुवनेश्वर में मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। होटल में जमा दस्तावेजों और मोबाइल नंबरों के तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की लोकेशन भुवनेश्वर में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
चार्ल्स शोभराज से था प्रभावित
पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह वर्ष 1990 से लगातार देशभर के महंगे होटलों को निशाना बना रहा है। अब तक वह 300 से अधिक होटलों में ठगी कर चुका है और 15 वर्षों से ज्यादा समय देश के विभिन्न राज्यों की जेलों में बिता चुका है। वर्ष 1996 में पहली बार वह तिहाड़ जेल गया था। आरोपी ने बताया कि तिहाड़ जेल में रहने के दौरान वह कुख्यात ठग चार्ल्स शोभराज से प्रभावित हुआ और उसी के तरीके अपनाकर होटल ठगी को अपना अपराध बना लिया।
केवल फाइव स्टार होटल को ही बनाता था निशाना
पुलिस के अनुसार आरोपी जेल से छूटते ही किसी बड़े शहर के फाइव स्टार होटल में पहुंचता था। वहां खुद को शिक्षित और विदेशी पर्यटकों से जुड़ा व्यक्ति बताकर आसानी से कमरा लेता और फिर होटल की सुविधाओं का भरपूर उपयोग करने के बाद बिल चुकाए बिना होटल की कीमती वस्तुएं लेकर फरार हो जाता था।
लैपटॉप बरामद, मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से होटल का एक लैपटॉप बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 284/26 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब देश के अन्य राज्यों में दर्ज मामलों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

