रायपुर: राष्ट्रीय खेल दिवस और हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर एनआईटी (NIT) रायपुर में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस देशव्यापी कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने वर्चुअली संबोधित किया। रायपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर तिलक वर्मा और यूथ-आइकन डॉ. प्रियंका बिस्सा मुख्य रूप से मौजूद रहे।


पीएम मोदी का संदेश — “जो खेले, वो खिले”: देशभर के 1600 स्थानों से जुड़े 8 लाख से अधिक युवाओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि खेल केवल मेडल जीतने तक सीमित नहीं है, यह विकसित भारत के निर्माण में युवाशक्ति को जोड़ने का अभियान है। उन्होंने 21वीं सदी के आधुनिक स्पोर्ट्स इकोसिस्टम, स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटीज और स्पोर्ट्स साइंस के जरिए युवाओं की प्रतिभा को निखारने पर बल दिया।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ: कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने युवाओं को संबोधित करते हुए असफलता से हताश न होने और नशे से पूरी तरह दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त होकर ही युवा देश को ताकत दे सकते हैं और विकसित भारत का निर्माण कर सकते हैं। इस दौरान युवाओं को नशामुक्त रहने की शपथ भी दिलाई गई।

क्रिकेटर तिलक वर्मा और डॉ. प्रियंका बिस्सा ने साझा किए विचार: मशहूर क्रिकेटर तिलक वर्मा ने विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि खेल व्यक्ति को विपरीत परिस्थितियों से लड़ना, टीम भावना और मानसिक स्थिरता सिखाता है। वहीं, यूथ-आइकन डॉ. प्रियंका बिस्सा ने युवाओं को अपने अभियानों में जिम्मेदारी (ओनरशिप) लेने और देश के विकास में सक्रिय भागीदारी दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान NIT के छात्रों ने वर्ष 2036 के ओलंपिक की तैयारियों, खेल सुविधाओं के विस्तार और युवा सशक्तीकरण जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। इस दौरान एनआईटी निदेशक डॉ. एन.वी. रमना राव और खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

