रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण है। 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में छत्तीसगढ़ के अद्वितीय रामनामी समुदाय की आस्था और परंपरा पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘राम-नामी’ को सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने यह सम्मान प्रदान किया।
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि रामनाम ही जिनका धर्म है, रामभक्ति ही जिनका कर्म है, ऐसे पवित्र रामनामी समुदाय के तन पर अंकित ‘राम’ केवल अक्षर नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही अटूट आस्था और समर्पण की पहचान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘राम-नामी’ डॉक्यूमेंट्री ने इस अनूठी सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाकर छत्तीसगढ़ की लोक आस्था और संस्कृति को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दी है। यह सम्मान हमारी समृद्ध परंपराओं के संरक्षण के लिए भी प्रेरणादायी है।
सीएम साय ने फिल्म के निर्देशक भरतबाला गणपति और पूरी टीम को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

