रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की शुरुआत 15 नवंबर से होने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि खरीदी को लेकर राज्य सरकार ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। भोपाल रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने धान खरीदी के साथ ही 15 नवंबर को धरमजयगढ़ में आयोजित होने वाले जनजाति गौरव दिवस समारोह की जानकारी भी दी।
15 नवंबर से किसानों से खरीदा जाएगा धान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। सरकार का प्रयास है कि किसानों को धान बेचने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो और खरीदी सुचारु रूप से संपन्न हो।
धरमजयगढ़ में होगा राज्य स्तरीय जनजाति गौरव दिवस समारोह
सीएम श्री साय ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को पूरे देश में जनजाति गौरव दिवस के रूप में मनाई जाती है। छत्तीसगढ़ के लिए यह गौरव की बात है कि इस अवसर पर प्रदेश में भी राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में जनजाति गौरव दिवस समारोह होगा। इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल होंगे।
शिवराज सिंह चौहान की मां के तेरहवीं कार्यक्रम में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भोपाल में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की स्वर्गीय माता के तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हुए हैं। उन्होंने कहा कि भोपाल पहुंचकर वे शोकाकुल परिवार से मुलाकात करेंगे और दिवंगत माता को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

