गोपाष्टमी पर राज्यपाल रमेन डेका ने की गौमाता की पूजा-अर्चना : कुम्हारी में पक्षी घर का किया लोकार्पण, गौसेवा और जैविक खेती पर दिया जोर

रायपुर। गोपाष्टमी के अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने कुम्हारी के परसदा स्थित विश्वगीता धेनु गोविंद पक्षी सेवा धाम पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण और गौमाता की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। राज्यपाल ने गौधाम परिसर में नवनिर्मित पक्षी घर का लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव भी मौजूद रहे।

गौमाता को चारा खिलाकर की सेवा

राज्यपाल ने गौशाला का भ्रमण किया और गौमाता को चारा खिलाकर सेवा की। प्रदेशवासियों को गोपाष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण के गोपाल स्वरूप और गौमाता के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है। भारतीय संस्कृति में गौमाता का विशेष स्थान है, लेकिन गौसेवा केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं होनी चाहिए। बीमार, घायल, वृद्ध और बेसहारा गोवंश की देखभाल भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

गौ अस्पताल और रेस्क्यू सेंटर की जरूरत पर जोर

राज्यपाल ने कहा कि सड़कों पर बढ़ते यातायात के कारण गोवंश के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं सामने आती हैं। ऐसे में घायल पशुओं को समय पर उपचार मिलना जरूरी है। इसके लिए गौ अस्पताल और रेस्क्यू सेंटर महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने लोगों से गौसेवा के लिए आगे आने और गौशालाओं में समय बिताकर सेवा कार्यों में सहभागी बनने की अपील की।

गोबर से बायोगैस और जैविक खाद को बढ़ावा देने की बात

रमेन डेका ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था में सदियों से गोवंश का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। ग्रामीण जीवन में गोबर का उपयोग घर निर्माण से लेकर खेती और अन्य कार्यों में होता रहा है। उन्होंने प्रकृति के अनुकूल जीवनशैली अपनाने की जरूरत बताते हुए गोबर से बायोगैस और जैविक खाद के उत्पादन को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उनके अनुसार, इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल सकती है।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने जैविक खेती अपनाने का किया आह्वान

कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने जैविक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि गोबर से तैयार खाद के इस्तेमाल से मिट्टी की उर्वरता और खेती की गुणवत्ता बेहतर हो सकती है। इससे गोवंश के महत्व को समझने और उनकी देखभाल के प्रति लोगों को प्रेरित करने में भी मदद मिलेगी।

गौसेवा को सामाजिक जिम्मेदारी बनाने की अपील

प्रेरक वक्ता उज्ज्वल पाटनी ने भी अपने विचार रखते हुए प्रत्येक व्यक्ति से गौसेवा के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। गौधाम के संरक्षक गोपाल प्रसाद सुल्तानिया ने बताया कि सड़कों पर बेसहारा गोवंश की स्थिति और उनकी देखभाल की आवश्यकता को देखते हुए इस गौधाम की परिकल्पना की गई थी। प्रमुख ट्रस्टी सुधीर सुल्तानिया ने अतिथियों का स्वागत किया।

कई जनप्रतिनिधि और गौसेवक रहे मौजूद

इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा, संपत अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सुल्तानिया परिवार के सदस्य, गौसेवक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग-पुलिस की टीम पर हमला,...

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सरकारी वनभूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पर हमला किए जाने का...

नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री का मामला: डॉक्टर समेत 3...

रायपुर। राजधानी रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री के मामले में पुलिस ने एक डॉक्टर समेत तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार...

पेड़ से लटका मिला युवक का शव, जेब से...

कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जेंजरा बाईपास के पास एक युवक का शव बबूल के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका...

सैनिक स्कूलों में कक्षा 6वीं और 9वीं में प्रवेश...

रायपुर। भारतीय सशस्त्र बलों में अधिकारी बनने का सपना देखने वाले विद्यार्थियों के लिए सैनिक स्कूल एक बेहतर अवसर प्रदान करते हैं। यहां कक्षा...