बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के बिल्हा में सहकारी बैंक से जुड़ा वित्तीय गड़बड़ी का मामला सामने आया है। बिल्हा सेवा सहकारी समिति के लेन-देन में कथित हेराफेरी कर 3 लाख 38 हजार रुपये की अतिरिक्त रकम निकालने का आरोप है। जांच में चेक और समिति के कार्यवाही प्रस्ताव में काट-छांट व कूटरचना किए जाने की बात सामने आई है। मामले में बिल्हा पुलिस ने बैंक के कैशियर, लेखापाल और समिति के एक पदाधिकारी को गिरफ्तार किया है।
चेक में हेराफेरी कर निकाली गई अतिरिक्त रकम
पुलिस के मुताबिक, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की बिल्हा शाखा में फर्जी चेक के जरिए अतिरिक्त राशि निकालने की शिकायत सामने आने के बाद जांच शुरू की गई थी। जांच में चेक के साथ समिति के कार्यवाही प्रस्ताव में भी बदलाव किए जाने के तथ्य मिले। आरोप है कि आपसी मिलीभगत और आपराधिक षड्यंत्र के तहत चेक में कूटरचना कर 3 लाख 38 हजार रुपये का अतिरिक्त आहरण किया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरी प्रक्रिया में किसकी क्या भूमिका रही और रकम निकालने की साजिश कैसे अंजाम दी गई।
कैशियर, लेखापाल और समिति पदाधिकारी गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिल्हा के कैशियर ऋषिकेश पाण्डेय और लेखापाल संजय सिंह बघेल को गिरफ्तार किया है। इनके साथ सेवा सहकारी समिति गुमा क्रमांक 63 के प्राधिकृत अधिकारी एवं सह-अध्यक्ष राजकुमार बरगाह को भी हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान राजकुमार बरगाह की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई। खास बात यह है कि मामले में वे प्रार्थी बताए जा रहे हैं, लेकिन जांच में उनकी कथित संलिप्तता सामने आने के बाद उनके खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
पहले भी गिरफ्तार हो चुके हैं बैंक के दो अधिकारी
इस प्रकरण में इससे पहले बैंक के सुपरवाइजर हितेश सलूजा और शाखा प्रबंधक लक्ष्मण कौशिक को भी गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, बाद में हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत मिलने के बाद दोनों को जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
BNS की धाराओं में कार्रवाई, जांच जारी
बिल्हा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है। पुलिस पूरे मामले में बैंक के दस्तावेजों, चेक और समिति के प्रस्तावों की पड़ताल कर रही है। जांच का उद्देश्य फर्जीवाड़े में शामिल सभी लोगों की भूमिका और राशि के लेन-देन की पूरी कड़ी का पता लगाना है।

