बिलासपुर। भिलाई विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव के निर्वाचन को चुनौती देने वाली याचिका पर छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में सुनवाई पूरी हो गई है। जस्टिस राकेश मोहन पांडेय की अदालत ने याचिकाकर्ता पूर्व विधायक प्रेम प्रकाश पांडेय और विधायक देवेंद्र यादव, दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अपना आदेश सुरक्षित रख लिया है। अब इस मामले में हाई कोर्ट के अंतिम फैसले का इंतजार है।
2024 में प्रेम प्रकाश पांडेय ने दाखिल की थी याचिका
यह मामला विधानसभा चुनाव 2023 में देवेंद्र यादव के निर्वाचन से जुड़ा है। भिलाई के पूर्व विधायक प्रेम प्रकाश पांडेय ने वर्ष 2024 में हाई कोर्ट में चुनाव याचिका दाखिल कर उनके निर्वाचन की वैधता पर सवाल उठाए थे। याचिका में आरोप लगाया गया है कि देवेंद्र यादव ने चुनाव नामांकन के साथ जमा किए गए शपथपत्र यानी प्रपत्र-26 में कई महत्वपूर्ण जानकारियां छिपाईं या गलत तरीके से दर्ज कीं।
याचिकाकर्ता ने दी यह दलील
याचिकाकर्ता के मुताबिक, शपथपत्र में संपर्क विवरण, सोशल मीडिया खातों, स्वयं और पत्नी की आय, चल-अचल संपत्तियों तथा परिवार के सदस्यों को दिए गए ऋण से जुड़ी जानकारी में कथित गड़बड़ी की गई। इसके अलावा लंबित आपराधिक मामलों, संपत्तियों का कम मूल्य दर्शाने और वारंट जारी होने व फरार घोषित किए जाने से संबंधित तथ्यों का उल्लेख नहीं करने का आरोप भी लगाया गया है।
हाई कोर्ट ने तय किए थे पांच प्रमुख मुद्दे
याचिका पर सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने 21 अगस्त 2024 को मामले से जुड़े पांच प्रमुख मुद्दे निर्धारित किए थे। इनमें नामांकन पत्र स्वीकार किए जाने की वैधता, चुनावी हलफनामे में दी गई जानकारियों की सत्यता, कथित भ्रष्ट आचरण, कानूनी प्रावधानों के पालन और याचिका में मांगी गई राहत जैसे विषय शामिल हैं। बाद में 30 जून 2026 को मुद्दा क्रमांक 2 और 4 पर पहले सुनवाई कराने की मांग भी अदालत ने खारिज कर दी थी। इसके बाद मामले की सुनवाई आगे बढ़ी।
अब निर्वाचन की वैधता पर फैसले का इंतजार
दोनों पक्षों की ओर से अपनी दलीलें पेश किए जाने के बाद हाई कोर्ट ने सुनवाई पूरी मानते हुए आदेश सुरक्षित कर लिया है। अब अदालत का अंतिम निर्णय यह तय करेगा कि देवेंद्र यादव के निर्वाचन को चुनौती देने वाली याचिका पर क्या रुख अपनाया जाता है।

