बिलासपुर। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। फ्रिज में अचानक ब्लास्ट होने से घर में भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर एक बुजुर्ग महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे के समय महिला घर में अकेली थी, जिससे उसे बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया।
मिली जानकारी के अनुसार 57 वर्षीय जया अग्रवाल लिंगियाडीह स्थित साईं मंदिर के पीछे रहती थीं। कुछ दिन पहले ही उनके भाई का निधन हो गया था। जया अग्रवाल अपने मुंहबोले वकील भाई के साथ रहती थीं, जबकि उनका परिवार बेंगलुरु में रहता है।

बताया जा रहा है कि रविवार देर रात अचानक घर में रखे फ्रिज में जोरदार ब्लास्ट हो गया, जिससे पूरे घर में आग फैल गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घबरा गए और अपने घरों से बाहर निकल आए। लोगों ने देखा कि गली के एक मकान से आग की लपटें निकल रही हैं।
स्थानीय लोगों ने तत्काल पार्षद दिलीप पाटिल की मदद से बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने की कोशिश शुरू की। साथ ही पुलिस और दमकल विभाग को भी घटना की सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। आग बुझने के बाद जब घर के अंदर तलाशी ली गई तो जया अग्रवाल बुरी तरह झुलसी हुई हालत में मिलीं, जिनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
प्रारंभिक तौर पर लोगों को लगा था कि गैस सिलेंडर फटने से आग लगी है, लेकिन जांच में सामने आया कि हादसा फ्रिज में ब्लास्ट होने से हुआ।फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

