राजनांदगांव में मजबूत हो रही कांग्रेस: भाजपा पार्षद कांग्रेस में हुए शामिल…PCC चीफ की मौजूदगी में कांग्रेस का दामन थाम लिए मधु के समर्थक

भिलाई। राजनांदगांव में कांग्रेस मजबूत हो रही है। संगठन के लोग इस काम में भीड़े हुए हैं। जिला प्रभारी अरूण सिसोदिया के साथ कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा और मेयर हेमा देशमुख कांग्रेस को मजबूती प्रदान करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। कल उन्होंने कांग्रेस के खेमे में ऐसे भाजपा पार्षद को शामिल कराया है जो भाजपा को झटका दे सकते हैं। राजनांदगांव नगर निगम के वार्ड नंबर 2 से पार्षद अजय छेदया कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। पूर्व सीएम रमन सिंह और बीजेपी जिला अध्यक्ष मधुसूदन यादव के करीबी माने जाते थे। मगर अब वह कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। शुक्रवार को पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई है।

अजय की वार्ड में भी अच्छी पकड़ है। इसी वजह से उन्हें नगर निगम चुनाव में भी बीजेपी ने टिकट दिया था और वह जीतकर भी आए थे। मगर कुछ समय पहले ही उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने का फैसला कर लिया। इसके बाद वह शुक्रवार को महापौर के साथ रायपुर पहुंचे और कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। कांग्रेस में शामिल होने के बाद अजय ने कहा है कि वह कांग्रेस की रीति-नीति से काफी प्रभावित हैं। जिस तरह से मुख्यमंत्री विकास के लिए काम कर रहे हैं। वो काफी अच्छा है। इसलिए मैं कांग्रेस में शामिल हो रहा हूं।

वहीं इस अवसर पर मोहन मरकाम ने कहा कि मैं अजय जी का पार्टी में स्वागत करता हूं। उन्होंने कांग्रेस की रीति-नीति से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ली है। अजय के कांग्रेस में शामिल होने के दौरान कांग्रेस के जिला संगठन प्रभारी अरुण सिसौदिया, कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा, महापौर हेमा देशमुख, एमआईसी मेंबर दुलारी साहू समेत तमाम नेता मौजूद रहे। अजय के इस तरह से कांग्रेस में शामिल होने से नगर निगम में बीजेपी का एक और पार्षद कम हो गया है।

Exit mobile version