दिल्ली के सिरफिरे आशिक ने भिलाई की युवती को दी जान से मारने की धमकी: शादी का प्रस्ताव ठुकराया तो आरोपी ने वाइस मैसेज भेज कहा- “शादी नहीं हुई तो गोली मार देगा”…हिमाचल में हुई थी दोंनो की मुलाकात; तलाश में जुटी पुलिस

भिलाई। दिल्ली के एक सिरफिरे आशिक ने भिलाई की युवती को जान से मारने की धमकी दी है। इसकी वजह लड़की के घर वालो के द्वारा लड़के के शादी के प्रस्ताव को ठुकराना है। जब लड़की की मां ने शादी से मना कर दिया तो लड़के ने उनकी प्रोफेसर बेटी को जान से मारने की धमकी तक दे डाली। लड़की के माता-पिता ने खुर्सीपार थाने में शिकायत दर्ज कराई है। लड़की की मां व्यवहार न्यायालय में स्टेनोग्राफर है। लड़की की मां ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी अंबिकापुर के शासकीय पीजी कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर है। वह जून 2022 में हिमाचल प्रदेश घूमने गई थी। वहीं पर वो दिल्ली का रहने वाले अमन अरोरा से मिली थी। दोनों के बीच फिर पहचान बढ़ी थी।

कॉल कर परेशान कर रहा था आरोपी
दो जुलाई को उसकी बेटी वापस अंबिकापुर आ गई। उसके बाद से अमन उसको बार बार फोन करके शादी के लिए दबाव बना रहा था। जब लड़की के मना करने के बाद अमन नहीं माना तो लड़की ने अंबिकापुर के गांधी नगर थाने में उसके खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद युवक असिस्टेंट प्रोफेसर बेटी की मां को फोन करके परेशान करने लगा।

लड़की की मां ने शादी से मना किया तो वह उसकी बेटी को जान से मारने की धमकी देने लगा। धमकी से डर कर महिला ने सिरफिरे युवक के खिलाफ खुर्सीपार थाने में शिकायत दर्ज कराई है। खुर्सीपार पुलिस ने कृष्णा नगर नई दिल्ली निवासी आरोपी अमन अरोरा के खिलाफ धारा 507 के तहत प्राथमिकी दर्ज किया है।

जान से मारने की दी धमकी
अमन के फोन कॉल से परेशान होकर लड़की उसका नंबर ब्लॉक कर दिया। इसके बाद वह उसकी मां को फोन करने लगा। जब लड़की की मां ने अमन का कॉल उठाना बंद किया और शादी करने से मना किया तो वह आग बबूला हो गया। वह उन्हें अलग-अलग नंबर से वाइस मैसेज भेजकर धमकी देने लगा। अमन ने लड़की की मां को चेतावनी दी है की अगर उसकी बेटी से उसकी शादी नहीं हुई तो वह उसे गोली मार देगा। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।

Exit mobile version