नई दिल्ली। आम आदमी को महंगाई के मोर्चे पर तगड़ा झटका लगा है। आज से खाना बनाना और महंगा हो गया है। घरेलू एलपीजी सिलेंडर (LPG Price) के दाम में 50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इस बढ़ोतरी के बाद अब दिल्ली में (LPG price in delhi) 14.2 किलोग्राम घरेलू एलपीजी सिलेंडर का दाम 999.50 रुपये हो गया है।
यह बढ़ोतरी आज से यानी शनिवार 7 मई 2022 से लागू हो गई है। बता दें कि इससे पहले मार्च 2022 में भी सिलेंडर के दाम में 50 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। वहीं, इस महीने कामर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 102 रुपये की वृद्धि की गई थी।
इसी महीने की एक तारीख को तेल कंपनियों ने एलपीजी गैस के दाम में 102.50 रुपये की बढ़ोतरी की थी। ये दाम 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर पर बढ़ाए गए थे। दाम में बढ़ोतरी के बाद नीले रंग के इस सिलेंडर की नई कीमत दिल्ली में अब 2355.50 रुपये है। पहले इसकी कीमत 2253 रुपये थी।
वहीं, 5 किलो एलपीजी सिलेंडर की कीमत अभी 655 रुपये है। एक महीने पहले एक अप्रैल को भी एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 250 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। इससे पहले एक मार्च को 19 किलोग्राम के कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 105 रुपये बढ़ी थी, जबकि 22 मार्च को 9 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी।
महंगे लोन से रुकेगी महंगाई?
पेट्रोल-डीजल की कीमतें, रसोई गैस के दाम और जरूरी सामानों के भाव लगातार लोगों की जेब पर बोझ बढ़ा रहे हैं। बढ़ती महंगाई के बीच अब आपके लोन भी महंगे हो जाएंगे, क्योंकि RBI ने रेपो रेट बढ़ा दिए हैं। दलील ये कि बढ़ोतरी महंगाई को काबू में करने के लिए की गई है। अब सवाल यही कि क्या महंगे लोन से रुकेगी महंगाई? बीते कुछ दिनों में ही ईंधन की कीमतों में तेजी से इजाफा हुआ है।
चुनाव बाद से बढ़ रहे दाम
बता दें कि पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के बाद पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दामों में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है। 22 मार्च को, सब्सिडी वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर में ₹50 की वृद्धि हुई। इससे पहले 6 अक्टूबर 2021 के बाद घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के रेट में कोई बदलाव नहीं हुआ था। घरेलू रसोई गैस की कीमतें लोकल टैक्स के कारण एक राज्य से दूसरे राज्य में अलग-अलग होती हैं। फ्यूल रिटेल विक्रेता हर महीने की शुरुआत में रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में संशोधन करते हैं। वहीं, हर दिन पेट्रोल डीजल के रेट बदलते हैं।