भिलाई। खुर्सीपार में छोटी बच्ची के साथ हुई गंभीर घटना को लेकर भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखा है। उन्होंने मामले की न्यायिक प्रक्रिया में प्रभावी पैरवी के लिए अनुभवी विशेष लोक अभियोजक नियुक्त करने की मांग की है। इसके साथ ही पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता देने का आग्रह भी किया गया है।
विशेष लोक अभियोजक की नियुक्ति की मांग
विधायक देवेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा कि खुर्सीपार की घटना बेहद गंभीर और संवेदनशील है। इस घटना से भिलाई के लोगों में आक्रोश और चिंता है। ऐसे में पीड़ित बच्ची और उसके परिवार को जल्द न्याय दिलाने के लिए मामले की निष्पक्ष और मजबूती से पैरवी जरूरी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर योग्य और अनुभवी विशेष लोक अभियोजक की नियुक्ति की जाए, ताकि न्यायालय में पीड़ित पक्ष की प्रभावी पैरवी हो और मामले में दोषी पाए जाने वालों को कानून के अनुसार कठोर सजा दिलाई जा सके।
पीड़ित परिवार के लिए मांगी आर्थिक मदद
देवेंद्र यादव ने इस मामले में मुख्यमंत्री को एक अन्य पत्र भी भेजा है। इसमें पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से विशेष आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई है। विधायक का कहना है कि घटना के बाद पीड़ित परिवार गंभीर मानसिक पीड़ा के साथ आर्थिक परेशानियों का भी सामना कर रहा है। ऐसी परिस्थिति में सरकार की ओर से मिलने वाली आर्थिक मदद परिवार को राहत दे सकती है।
‘पीड़ित परिवार को जल्द मिले न्याय’
देवेंद्र यादव ने कहा कि इस तरह के संवेदनशील मामलों में पीड़ित पक्ष को समय पर न्याय दिलाना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से दोनों मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया है।

